HomeBiharCensusअंतिम चरण में जनगणना का मकान सूचीकरण, एचएलओ ऐप से शुरू हुआ...

अंतिम चरण में जनगणना का मकान सूचीकरण, एचएलओ ऐप से शुरू हुआ डिजिटल डेटा संग्रहण

सारण जिले के 20 प्रखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों और 10 नगर इकाइयों सहित कुल 30 चार्जों में 7571 प्रगणक और 1285 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। सभी कर्मियों ने अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर मैप मिलान, गणना ब्लॉक के भौतिक सत्यापन तथा डिस्क्रिप्शन की जांच का कार्य पूरा कर लिया है। वेब-मैप और डिस्क्रिप्शन में पाए गए अंतर को चार्ज स्तर पर सीएमएमएस और एचएलबीसी पोर्टल के माध्यम से सुधार लिया गया है।

छपरा 6 मई 2026:  भारत की जनगणना के प्रथम चरण के तहत जिले में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। कार्य ने तेज गति पकड़ ली है और बड़े पैमाने पर प्रगणक एवं पर्यवेक्षक फील्ड में सक्रिय हो चुके हैं।

जिले के 20 प्रखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों और 10 नगर इकाइयों सहित कुल 30 चार्जों में 7571 प्रगणक और 1285 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। सभी कर्मियों ने अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर मैप मिलान, गणना ब्लॉक के भौतिक सत्यापन तथा डिस्क्रिप्शन की जांच का कार्य पूरा कर लिया है। वेब-मैप और डिस्क्रिप्शन में पाए गए अंतर को चार्ज स्तर पर सीएमएमएस और एचएलबीसी पोर्टल के माध्यम से सुधार लिया गया है।

अब तक 3,00,704 मकानों पर नंबर अंकित करते हुए सूचीकरण एवं नजरी नक्शा का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। डिजिटल प्रक्रिया को बढ़ावा देते हुए 4952 प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों ने अपने मोबाइल में जनगणना निदेशालय द्वारा विकसित एचएलओ ऐप इंस्टॉल कर लिया है, जबकि 314 प्रगणकों ने इस ऐप के माध्यम से डेटा संग्रहण भी शुरू कर दिया है।

फील्ड वेरिफिकेशन पर जोर

भारत सरकार और राज्य निदेशालय के निर्देशानुसार जिला नोडल अदिति आनंद एवं ऑब्जर्वर आयुषी सिंह लगातार जिले में कैंप कर कार्यों की निगरानी कर रही हैं। वे प्रतिदिन विभिन्न चार्जों का दौरा कर प्रगति, अभिलेख संधारण, तकनीकी प्रक्रियाओं के अनुपालन और कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण कर रही हैं।

बुधवार को परसा बाजार नगर पंचायत के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जनगणना कार्य पूरी गंभीरता, अनुशासन और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने समयबद्धता और शुद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। अब तक रिविलगंज, मांझी, एकमा, बनियापुर, लहलादपुर, जलालपुर, सोनपुर, दिघवारा, दरियापुर सहित कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा चुका है।

क्युआरटी हुई सक्रिय

जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी वैभव श्रीवास्तव स्वयं इस कार्य की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। प्रतिदिन सुबह 11 बजे, दोपहर 2 बजे और शाम 5 बजे सभी 30 चार्जों से प्राप्त रिपोर्ट की समीक्षा की जा रही है। उनके निर्देश पर जिला एवं सभी चार्जों में कंट्रोल रूम और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) सक्रिय कर दी गई है।

बुधवार को वार्ड संख्या 29 में एक प्रगणक को मकान सूचीकरण से रोकने की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए क्यूआरटी को मौके पर भेजा गया। उप नगर आयुक्त सह चार्ज अधिकारी अरशद इमाम के नेतृत्व में टीम ने स्थिति को संभालते हुए समस्या का समाधान किया।

वार मोड में कंट्रोल रूम

जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी सह अपर जिला जनगणना अधिकारी तारणी कुमार के नेतृत्व में एनआईसी की तकनीकी टीम कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। चार्जों से गूगल फॉर्म के माध्यम से रिपोर्ट प्राप्त की जा रही है और संकलित प्रगति प्रतिवेदन जिलाधिकारी को उपलब्ध कराया जा रहा है।

सीएमएमएस और एचएलबीसी पोर्टल के जरिए रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा रही है, साथ ही जरूरत पड़ने पर तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी किया जा रहा है।

जिले में जनगणना का मकान सूचीकरण कार्य अब अपने अंतिम पड़ाव पर है और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से इसे और अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाया जा रहा है। प्रशासनिक सतर्कता और लगातार मॉनिटरिंग के कारण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments