छपरा। सारण जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में परसा में आयोजित होने वाली 43वीं सारण जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता शनिवार और रविवार को परसा हाई स्कूल स्टेडियम में आयोजित होगी, जिसमें जिले भर के लगभग 300 एथलीट अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
शुक्रवार को जिला एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों एवं वरीय अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। संघ के कार्यकारी अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि आयोजन सचिव सह त्रिशूल स्पोर्ट्स डिफेंस एकेडमी के निदेशक रोहित यादव के नेतृत्व में प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
संघ के सचिव गजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिले के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने तथा उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से प्रतियोगिता का आयोजन हर वर्ष अलग-अलग स्थानों पर किया जाता है। सचिव नीलाभ गुंजन राका ने बताया कि प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर तथा पुरुष एवं महिला वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतिभागी अपने-अपने यूनिट के माध्यम से अथवा स्वतंत्र रूप से भी प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं। पंजीकरण की प्रक्रिया शनिवार सुबह तक जारी रहेगी।
प्रतियोगिता का संचालन जिला एवं राज्य स्तर के अनुभवी तकनीकी अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। आयोजन सचिव रोहित यादव ने बताया कि ब्रजेश सर के संयोजन में विभिन्न उपसमितियों का गठन किया गया है। भोजन, आवासन, पंजीकरण, ट्रैक एवं फील्ड व्यवस्था, मंच निर्माण तथा विक्ट्री स्टैंड सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस कार्य में चंदन यादव, शैलेन्द्र राय, अमित शाह, प्रतीक सिंह, राहुल सिंह, नीरज यादव, अवधेश राय एवं कन्हैया शर्मा सहित कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
शुक्रवार को कार्यकारी अध्यक्ष अजय सिंह, सचिव गजेंद्र कुमार सिंह तथा वरीय ऑफिशियल निर्मल ठाकुर और संजय कुमार सिंह ने स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन 10 से 13 जून तक में आयोजित राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा, जिसका आयोजन के तत्वावधान में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है तथा परसा एक बार फिर जिले की खेल गतिविधियों का केंद्र बनने जा रहा है।



