छपरा, 23 मई 2026। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) बिहार राज्य परिषद् की दो दिवसीय बैठक 22-23 मई को छपरा के राज संकुल्यम नगर में संपन्न हुई। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक जनसंघर्ष तेज करने का आह्वान किया गया।
बैठक में बिहार विधान परिषद् के सारण और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव लड़ने का निर्णय लिया गया। पार्टी ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कॉमरेड विद्या सागर विद्यार्थी तथा तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रो. संजय कुमार सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है।
राज्य परिषद् ने 25 मई को किसान सभा, खेत मजदूर यूनियन और नौजवान संघ द्वारा जिला मुख्यालयों पर आयोजित संयुक्त धरना-प्रदर्शन को समर्थन देने का फैसला किया। इसके अलावा 10 जून को गया में किसान महापंचायत आयोजित करने तथा 6 से 15 अगस्त तक पूरे बिहार में पंचायत और प्रखंड स्तर पर पदयात्रा चलाने की घोषणा की गई।
बैठक में केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में 28 सितंबर 2026 को शहीद-ए-आजम भगत सिंह जयंती के अवसर पर दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली में बिहार से बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।
राज्य परिषद् ने प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार से प्रस्तावित टाउनशिप योजना वापस लेने की मांग की। बैठक में बिहार में बढ़ते हत्या, अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा-जदयू सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया गया।
भाकपा नेताओं ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव समाप्त होते ही डीजल-पेट्रोल और एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी कर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाला गया है। ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि से भोजनालयों, हॉस्टलों, छोटे व्यवसायों और आम परिवारों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
बैठक में भाजपा पर बिहार की सत्ता का केंद्र दिल्ली स्थानांतरित करने तथा कॉरपोरेट हितों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया। नेताओं ने कहा कि टाउनशिप योजना गरीब किसानों की जमीन छीनने की साजिश है और राज्य में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण तथा अधिनायकवादी केंद्रीकरण का खतरा बढ़ रहा है।
बैठक में कहा गया कि बिहार आज भी कृषि संकट, उद्योगहीनता, बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। दलितों, महिलाओं और गरीब तबकों पर बढ़ते अत्याचार तथा बाढ़-सुखाड़ की स्थायी समस्या पर भी चिंता जताई गई।
बैठक को पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. गिरीशचंद्र शर्मा, राष्ट्रीय सचिव संजय कुमार, पूर्व विधायक रामनरेश पांडेय, राज्य सचिवमंडल सदस्य सुरेंद्र सौरभ, अजय कुमार सिंह और प्रमोद प्रभाकर सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। अध्यक्षता सुरेंद्र सौरभ, सीताराम शर्मा और बिजेंद्र केसरी की अध्यक्षमंडली ने की।



