HomeBiharCensusआज से दरवाज़े पर दस्तक देगी जनगणना टीम: बिहार में 2 मई...

आज से दरवाज़े पर दस्तक देगी जनगणना टीम: बिहार में 2 मई से घर-घर सर्वे की शुरुआत

डीएम ने सारण की जनता से अपील की है कि जब प्रगणक आपके घर आएं, उनका स्वागत करें और सही व सटीक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

33 सवालों के जवाब देने होंगे, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश—लापरवाही बर्दाश्त नहीं

छपरा, 02 मई: बिहार में जनगणना-2027 के पहले चरण की औपचारिक शुरुआत 02 मई 2026 से हो गई है। इस चरण के तहत 02 मई से 31 मई 2026 तक प्रगणक (Enumerators) घर-घर जाकर लोगों से 33 महत्वपूर्ण प्रश्नों के जवाब एकत्र करेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों का सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं।

इसी क्रम में सारण के जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने शनिवार को सभी चार्ज अधिकारियों, एडीएम (ADM) और डीआईओ (DIO) के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने फील्ड स्तर पर समन्वय और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी ने हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) के ग्राउंड वेरिफिकेशन और हाउस नंबरिंग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी प्रगणक और सुपरवाइजर अपने नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र और HLB मैप के साथ ही फील्ड में उतरें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सभी दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की विसंगति नहीं होनी चाहिए।

कार्य की शुरुआत के लिए यह भी निर्देश दिया गया कि प्रत्येक क्षेत्र में भवन संख्यांकन (हाउस नंबरिंग) उत्तर-पश्चिम (NW) दिशा से ही शुरू किया जाए। प्रगणकों को तुरंत फील्ड में जाकर हाउस मार्किंग सुनिश्चित करने को कहा गया है, जबकि चार्ज अधिकारियों को स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया है।

जनगणना कार्य की निगरानी के लिए जिला और चार्ज स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे, जहां से प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट तैयार की जाएगी। साथ ही हर चार्ज में एक क्विक रिस्पांस टीम (QRT) तैनात रहेगी, जो किसी भी तकनीकी या जमीनी समस्या का तुरंत समाधान करेगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर और शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। डीआईओ और जिला सांख्यिकी पदाधिकारी (DSO) को पूरे अभियान की तकनीकी और सांख्यिकीय निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिलाधिकारी ने साफ संदेश दिया कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सभी चार्ज पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे।

डीएम ने सारण की जनता से अपील की है कि जब प्रगणक आपके घर आएं, उनका स्वागत करें और सही व सटीक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments