HomeArt & Cultureगज-ग्राह की धरती पर मेले का शाही आगाज, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने...

गज-ग्राह की धरती पर मेले का शाही आगाज, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया सोनपुर मेला-2026 का उद्घाटन, सांस्कृतिक विरासत के रंग में सराबोर हुआ हरिहर क्षेत्र

हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक परंपरा, धार्मिक आस्था और लोकजीवन का अनूठा संगम है। गंगा-गंडक के पावन संगम तट पर लगने वाला यह मेला अपनी विशिष्ट पहचान के कारण देश-विदेश में प्रसिद्ध है। मेले को भव्य, आकर्षक, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। उम्मीद है कि इस वर्ष भी मेला देश-दुनिया के पर्यटकों, श्रद्धालुओं और कला-संस्कृति प्रेमियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

वेबसाइट और चैटबॉट का भी हुआ लोकार्पण, देश-दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए जिला प्रशासन ने की व्यापक तैयारी

सारण, 22 नवंबर। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 का रविवार को भव्य एवं गरिमामय समारोह के बीच शानदार आगाज हुआ। बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूरा हरिहर क्षेत्र उत्सव और उल्लास के रंग में सराबोर नजर आया। ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को समेटे इस विश्वप्रसिद्ध मेले के शुभारंभ के साथ ही अगले कई दिनों तक चलने वाले उत्सव का आगाज हो गया।

उद्घाटन समारोह में बिहार के उप मुख्यमंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री, पर्यटन मंत्री, कला एवं संस्कृति मंत्री, सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के आगमन के साथ समारोह की शुरुआत हुई। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के बाद अतिथियों का स्वागत पौधा, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर किया गया। दीप प्रज्वलन और एसएसबी बैंड की आकर्षक प्रस्तुति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। इसके बाद जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्वागत संबोधन किया। विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं मंत्रियों ने भी समारोह को संबोधित किया। अंत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी जुड़ेगा सोनपुर मेला

इस बार मेले को डिजिटल पहचान देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री ने सोनपुर मेला के लिए तैयार आधिकारिक वेबसाइट और चैटबॉट का लोकार्पण किया। इससे मेले से जुड़ी जानकारियां पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं तक डिजिटल माध्यम से पहुंचाने में मदद मिलेगी। समारोह का समापन बिहार राज्य गीत के साथ हुआ।

मुख्यमंत्री के प्रस्थान के बाद मुख्य मंच पर गजग्राह नृत्य की प्रस्तुति हुई। वहीं, सारण आइडल-2025 के विजेता रौनक रतन ने अपनी गायकी से सांस्कृतिक कार्यक्रम में चार चांद लगाए।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी

समारोह में सारण प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार सहित जिले एवं प्रमंडल के अन्य वरीय प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

गौरतलब है कि हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक परंपरा, धार्मिक आस्था और लोकजीवन का अनूठा संगम है। गंगा-गंडक के पावन संगम तट पर लगने वाला यह मेला अपनी विशिष्ट पहचान के कारण देश-विदेश में प्रसिद्ध है। मेले को भव्य, आकर्षक, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। उम्मीद है कि इस वर्ष भी मेला देश-दुनिया के पर्यटकों, श्रद्धालुओं और कला-संस्कृति प्रेमियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments