HomeArt & CultureLiteratureजाहिदा जैदी के साहित्यिक अवदान पर महत्वपूर्ण पुस्तक का लोकार्पण, आलोचनात्मक दृष्टि...

जाहिदा जैदी के साहित्यिक अवदान पर महत्वपूर्ण पुस्तक का लोकार्पण, आलोचनात्मक दृष्टि की हुई सराहना

पुस्तक की लेखिका डॉ. शाजिया उमैर दिल्ली विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग में सीनियर असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। इससे पहले उनकी दो पुस्तकें ‘वजीर आगा की आलोचना’ और ‘अदब व एहतिसाब’ प्रकाशित हो चुकी हैं।

प्रो. अरशद मसूद हाशमी बोले— रचनात्मक आलोचना का उत्कृष्ट उदाहरण है डॉ. शाजिया उमैर की पुस्तक ‘जाहिदा जैदी: एक अध्ययन’

छपरा। उर्दू साहित्य की बहुआयामी और सशक्त हस्ताक्षर जाहिदा जैदी के व्यक्तित्व एवं साहित्यिक कृतित्व को नए सिरे से समझने की दिशा में डॉ. शाजिया उमैर की पुस्तक ‘जाहिदा जैदी: एक अध्ययन’ महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होगी। एक गरिमामय साहित्यिक समारोह में पुस्तक का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर साहित्यकारों, शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने पुस्तक को उर्दू साहित्य एवं आलोचना के क्षेत्र में एक सार्थक और महत्वपूर्ण पहल बताया।

समारोह में मुख्य वक्ता प्रो. अरशद मसूद हाशमी ने डॉ. शाजिया उमैर की आलोचनात्मक दृष्टि और शोधपरक लेखन की सराहना करते हुए कहा कि जाहिदा जैदी ने कविता, नाटक, उपन्यास, आलोचना और अनुवाद जैसी विभिन्न साहित्यिक विधाओं में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनके साहित्य में जीवन की जटिलताओं, मानवीय संवेदनाओं और गहन चिंतन की प्रभावशाली अभिव्यक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि डॉ. शाजिया उमैर ने विषय की गंभीरता को समझते हुए जाहिदा जैदी की साहित्यिक उपलब्धियों का सार्थक विश्लेषण किया है। उनकी लेखन शैली रचनात्मक आलोचना का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने जाहिदा जैदी के साहित्य पर व्यापक शोध और आलोचनात्मक अध्ययन की आवश्यकता भी रेखांकित की।

जयप्रकाश विश्वविद्यालय के उर्दू विभागाध्यक्ष प्रो. मजहर किबरिया ने कहा कि जाहिदा जैदी का साहित्यिक अवदान अनेक विधाओं में विस्तृत है। उनकी रचनात्मक प्रतिभा और आलोचनात्मक योगदान को एक पुस्तक में समेटना चुनौतीपूर्ण कार्य है, जिसे डॉ. शाजिया उमैर ने सराहनीय ढंग से पूरा किया है।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे मानविकी संकाय के पूर्व डीन प्रो. समी अहमद ने कहा कि किसी साहित्यकार के जीवन और कृतित्व पर पुस्तक का प्रकाशन उसकी साहित्यिक विरासत को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी पुस्तकें नई पीढ़ी को साहित्यकारों के योगदान से परिचित कराने के साथ शोध और अध्ययन की नई संभावनाएं भी पैदा करती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पुस्तक विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी सिद्ध होगी।

उल्लेखनीय है कि पुस्तक की लेखिका डॉ. शाजिया उमैर दिल्ली विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग में सीनियर असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। इससे पहले उनकी दो पुस्तकें ‘वजीर आगा की आलोचना’ और ‘अदब व एहतिसाब’ प्रकाशित हो चुकी हैं।

कार्यक्रम में जयप्रकाश विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक डॉ. अलाउद्दीन खान, डॉ. सैयद अब्दुल खालिक, डॉ. हसीबुर्रहमान, डॉ. जियाउल होदा, डॉ. नवीन अंजुम सहित उर्दू विभाग के शोधार्थी लतीफुर्रहमान, शाहिद अहमद, मो. मरजान अली, रियाजुद्दीन और मजहरुल हक आदि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments