19 दिसंबर तक चलेगा अभियान, घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें; सास-बहू-बेटा सम्मेलन के जरिए दूर की जाएंगी भ्रांतियां*
छपरा। परिवार नियोजन की जिम्मेदारी केवल महिलाओं की नहीं, बल्कि पुरुषों की भी है। इसी सोच को बढ़ावा देने और पुरुष नसबंदी को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों एवं झिझक को दूर करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग 23 नवंबर से विशेष पुरुष नसबंदी पखवाड़ा शुरू करने जा रहा है। 19 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर योग्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी देंगी। साथ ही इच्छुक लाभार्थियों को उनकी पसंद और जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के कार्यपालक निदेशक डॉ. नवल किशोर चौधरी ने इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मिशन परिवार विकास के तहत संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य परिवार नियोजन में पुरुषों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना और पुरुष नसबंदी को लेकर प्रचलित सामाजिक एवं मानसिक बाधाओं को दूर करना है।
तीन चरणों में चलेगा जागरूकता और सेवा अभियान
विशेष पुरुष नसबंदी पखवाड़े को तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। पहले चरण में 23 से 28 नवंबर तक योजना-सह-समन्वय सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान जिला एवं प्रखंड स्तर पर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान की रणनीति तैयार की जाएगी। जिला पदाधिकारी, सिविल सर्जन और प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठकें आयोजित होंगी तथा कार्यशालाओं के माध्यम से संबंधित कर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी जाएगी।
दूसरे चरण में 29 नवंबर से 6 दिसंबर तक दंपत्ति संपर्क सप्ताह आयोजित होगा। इस दौरान आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका, जीविका दीदी और विकास मित्र घर-घर जाकर योग्य दंपत्तियों से संपर्क करेंगे। उन्हें परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों, पुरुष नसबंदी के लाभ और प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। साथ ही इच्छुक दंपत्तियों की पहचान कर उन्हें उचित परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा।
तीसरा चरण 7 से 19 दिसंबर तक सेवा पखवाड़े के रूप में चलेगा। इस दौरान सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन की स्थायी एवं अस्थायी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जनप्रतिनिधियों से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म तक चलेगा प्रचार
अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए सांसद, विधायक, जिला परिषद सदस्य, मुखिया और वार्ड सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, 29 नवंबर से 13 दिसंबर तक प्रमंडल के सभी जिलों के प्रखंडों में सारथी वाहन के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों से भी परिवार नियोजन का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। जिला स्तर पर संगोष्ठी और प्रदर्शनी आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
सास-बहू-बेटा सम्मेलन में परिवार नियोजन पर होगी चर्चा
अभियान के तहत दिसंबर महीने में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर सास-बहू-बेटा सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में परिवार के सदस्यों को एक साथ बैठाकर परिवार नियोजन के महत्व, उपलब्ध विकल्पों और पुरुषों की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य परिवार नियोजन से जुड़े निर्णयों में महिलाओं के साथ पुरुषों और परिवार के अन्य सदस्यों की भी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
पुरुषों की सहभागिता के बिना परिवार नियोजन अधूरा
सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी ने कहा कि परिवार नियोजन कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए पुरुषों की सहभागिता बेहद जरूरी है। जागरूकता, सही परामर्श और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं को एक साथ जोड़कर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करना और अपनी आवश्यकता के अनुसार सही एवं सूचित निर्णय लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।



