छपरा। सेंट्रल पब्लिक स्कूल (सीपीएस), छपरा में छात्राओं की रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और सांस्कृतिक अभिरुचि को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से भव्य मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 5वीं से 12वीं तक की 200 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
मेहंदी की मनमोहक डिजाइनों से विद्यालय परिसर सृजनात्मक रंगों से सराबोर नजर आया। छात्राओं ने पारंपरिक भारतीय डिजाइनों के साथ अपनी कल्पनाशीलता का खूबसूरत समावेश करते हुए आकर्षक मेहंदी रचाई। प्रतियोगिता को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक तथा प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीपीएस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. हरेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सीमा मिश्रा, प्रकाश श्रीवास्तव, अविनाश पांडे एवं शिव शंकर कुमार शामिल रहे। निर्णायकों ने मेहंदी डिजाइनों का मूल्यांकन रचनात्मकता, कलात्मकता, बारीकी और प्रस्तुति के आधार पर किया।
कार्यक्रम का समन्वय विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. विकाश कुमार सिंह ने किया। उनके मार्गदर्शन और कुशल समन्वय में प्रतियोगिता सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
इस अवसर पर सीपीएस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. हरेंद्र सिंह ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास का विकास करती हैं। साथ ही, भारतीय कला एवं संस्कृति से उनके जुड़ाव को भी मजबूत बनाती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाली सभी छात्राओं को बधाई दी।
कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया। रचनात्मकता, उत्साह और भारतीय संस्कृति के रंगों से सजी यह प्रतियोगिता छात्राओं के लिए यादगार बन गई।



