सीपीएस में सजा सम्मान समारोह, श्रेष्ठ नाटक की प्रस्तुति के लिए कलाकारों को मिला प्रोत्साहन
छपरा। सहरसा में आयोजित बिहार इप्टा राज्यस्तरीय नाट्योत्सव-2026 में पर्यावरण की संवेदनशील पुकार को मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर दर्शकों और रंगप्रेमियों की सराहना बटोरने वाली सीपीएस के सहयोग से छपरा इप्टा की नाट्य प्रस्तुति ‘द लास्ट क्राई’ के कलाकारों को बुधवार को सेंट्रल पब्लिक स्कूल (सीपीएस) में सम्मानित किया गया। नाट्योत्सव में श्रेष्ठ नाटक की प्रस्तुति के लिए कलाकारों, नेपथ्य कलाकारों और इप्टा टीम के वरिष्ठ पदाधिकारियों को मिमेंटो एवं बिहार इप्टा राज्य स्तरीय नाट्योत्सव 2026, सहरसा के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
सम्मान समारोह में एसीजेएम-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), सारण राजीव कुमार, सीपीएस ग्रुप के चेयरमैन डॉ० हरेंद्र सिंह, नाटक के लेखक-निर्देशक डॉ० अमित रंजन, विद्यालय के प्राचार्य मुरारी सिंह एवं प्रबंधक डॉ० विकास कुमार सिंह ने कलाकारों को मिमेंटो और उक्त प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डालसा सचिव राजीव कुमार ने कहा कि सहरसा में छपरा के कलाकारों ने जिस ऊर्जा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ‘द लास्ट क्राई’ की प्रस्तुति दी, वह बेहद सराहनीय है। उन्होंने नाट्योत्सव में श्रेष्ठ नाटक की प्रस्तुति के लिए कलाकारों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल रंगमंचीय भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।
सीपीएस ग्रुप के चेयरमैन डॉ० हरेंद्र सिंह ने कलाकारों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि किशोर कलाकारों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से विद्यालय ही नहीं, बल्कि छपरा के रंगमंच का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने पूरी टीम को बधाई दी और भविष्य में भी बेहतर प्रस्तुतियों के लिए प्रोत्साहित किया।
सीपीएस के प्रबंधक डॉ० विकास कुमार सिंह ने छपरा इप्टा द्वारा किशोर रंगकर्मियों को आज स्कूल में आकर सम्मानित करने के छपरा इप्टा के लिए प्रति आभार व्यक्त किया।
नाटक के लेखक-निर्देशक डॉ० अमित रंजन ने कहा कि ‘द लास्ट क्राई’ केवल एक नाटक नहीं, बल्कि पर्यावरण संकट के बीच धरती की आवाज और आने वाली पीढ़ी के प्रति हमारी जिम्मेदारी का रंगमंचीय दस्तावेज है। किशोर रंगकर्मियों की ऊर्जा और संवेदना ने इसे प्रभावी बनाया है।
नाट्योत्सव में सूत्रधार समृद्धि श्रेया और समर प्रताप सिंह, धरती की भूमिका में प्रीति कुमारी और विकास की भूमिका में युवराज सिंह समेत पूरी टीम ने प्रभावशाली अभिनय किया। रंग-संगीत, सामूहिक अभिनय और मंचीय प्रस्तुति ने नाटक को विशेष प्रभाव दिया।
ये कलाकार हुए सम्मानित-
समृद्धि श्रेया, समर प्रताप सिंह, प्रीति कुमारी, युवराज सिंह, अभिनव सिंह, आर्यन कुमार सिंह, शगुन सिंह, स्मृति गौतम, रिया शर्मा, विराट कुमार सिंह, अश्विनी सिंह, श्रुति कुमारी, राजन कुमार गुप्ता, श्रेया सिंह, आदित्य कुमार, गरिमा कुमारी, आराध्या कुमारी, खुशी यादव, वंशिका, कृश कुमार, जितेन्द्र कुमार, शैलेन्द्र कुमार शाही, विनय कुमार, आयुष कुमार मान, कृष कुमार, शिक्षक रुपाली मित्रा, शिवशंकर कुमार, संजय कुमार, बबुआनन्द द्विवेदी, कंचन बाला और सुरेन्द्र नाथ त्रिपाठी सहित नाटक से जुड़े सभी किशोर रंगकर्मी सम्मानित हुए।
समारोह में विद्यालय परिवार एवं इप्टा के रंगकर्मियों ने कलाकारों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रभावशाली नाटक करने के लिए शुभकामनाएं दीं।



