सारण, 27 मई 2026। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को मढ़ौरा प्रखंड का सघन दौरा कर फार्मर रजिस्ट्री निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालय स्थित नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) के साथ-साथ टेहटी, मिर्जापुर एवं अन्य पंचायतों में आयोजित विशेष “फार्मर रजिस्ट्री निर्माण शिविर” तथा घर-घर चल रहे सर्वे कार्यों का स्थलीय जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, शिविरों में प्रतिनियुक्त सर्वे टीमों तथा कृषि विभाग के कर्मियों को निर्देश दिया कि नई एवं पुरानी जमाबंदी रैयतों की अद्यतन सूची मोबाइल नंबर सहित तैयार कर किसानों से लगातार संपर्क स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस सूची के माध्यम से किसानों तक आसानी से पहुंचकर रजिस्ट्री निर्माण कार्य में अपेक्षित गति लाई जा सकती है।
अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने अलग-अलग टीमों को डोर-टू-डोर सर्वे में लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय विकास मित्रों की सहायता लेने पर भी बल दिया, ताकि ग्रामीण स्तर पर कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रह जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसानों से जुड़ी इस महत्वपूर्ण योजना में सभी संबंधित कर्मी मिशन मोड में कार्य करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिक से अधिक किसानों का निबंधन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिससे किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और सुगमता से प्राप्त होगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों से आपसी समन्वय के साथ हर किसान तक पहुंचकर उनका निबंधन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।



