छपरा, 22 मई 2026। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 के तहत द्वितीय अपील से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए कुल 16 लोक शिकायत मामलों का निवारण किया।
सुनवाई के दौरान 09 मामलों में अंतिम रूप से आदेश पारित किया गया, जबकि शेष 07 मामलों में संबंधित लोक प्राधिकारों को पूर्ण प्रतिवेदन के साथ अगली निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि लोक शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निवारण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी लोक प्राधिकारों और अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की शिकायतों के समाधान में तत्परता और संवेदनशीलता दिखाना आवश्यक है।
डीएम वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से सजग, संवेदनशील एवं सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



