छपरा। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण, छपरा के तत्वावधान में शनिवार, दिनांक 21 नवंबर 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य परक्राम्य लिखत अधिनियम (NI Act) के अंतर्गत लंबित चेक बाउंस से संबंधित मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निष्पादन करना है।
इस संबंध में श्री अनंत कुमार सिंह, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण, छपरा के निर्देशानुसार विशेष लोक अदालत का आयोजन पूर्वाह्न 10:00 बजे से किया जाएगा। इसके लिए विशेष पीठ का गठन किया गया है।
गठित पीठ में:-
एसीजेएम षष्ठम (ACJM-6)श्री रविकांत मणि त्रिपाठी तथा अधिवक्ता डॉ. अमित रंजन को सदस्य के रूप में नामित किया गया है।
इस विशेष लोक अदालत में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM), सभी अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (ACJM) तथा सभी न्यायिक दंडाधिकारी (JM) के न्यायालयों में लंबित एनआई एक्ट से संबंधित मामलों का निष्पादन किया जाएगा। विशेष लोक अदालत की पीठ का आयोजन एसीजेएम षष्ठम(ACJM-6) के न्यायालय कक्ष में किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण की ओर से चेक बाउंस से संबंधित मामलों के सभी पक्षकारों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने-अपने अधिवक्ताओं के साथ विशेष लोक अदालत में उपस्थित होकर आपसी सहमति, संवाद एवं सुलह-समझौते के माध्यम से अपने विवादों का समाधान करने की पहल करें।
श्री अनंत कुमार सिंह, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण, छपरा ने संबंधित पक्षकारों से इस विशेष लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है, ताकि लंबित मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
लोक अदालत विवादों के त्वरित, सरल एवं कम खर्चीले समाधान का एक प्रभावी माध्यम है। यहां आपसी सहमति से मामलों का निष्पादन होने पर पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलती है। अतः सभी संबंधित पक्षकार इस अवसर का लाभ उठाएं और न्यायिक विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
न्याय आपके द्वार, समझौते से समाधान और सबके लिए सुलभ न्याय के उद्देश्य को साकार करने के लिए आयोजित इस विशेष लोक अदालत को सफल बनाने में सभी संबंधित पक्षकारों का सहयोग अपेक्षित है।



