HomeBiharCensusजनगणना में तेजी: शिक्षकों को ‘मार्क ऑन ड्यूटी’ का आदेश, तीन समय...

जनगणना में तेजी: शिक्षकों को ‘मार्क ऑन ड्यूटी’ का आदेश, तीन समय हो रही सख्त समीक्षा

भारत की जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य अब तेजी पकड़ चुका है। प्रगणक और पर्यवेक्षक अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर सत्यापन कार्य पूरा कर चुके हैं। अब मकानों पर नंबर अंकित करने का कार्य शुरू हो गया है। संभावना है कि मंगलवार से प्रगणक एचएलओ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर-घर जाकर डेटा संग्रहण शुरू करेंगे।

छपरा  5 मई 2026: जनगणना कार्य को गति देने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रधान जनगणना अधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जनगणना में प्रगणक और पर्यवेक्षक के रूप में तैनात शिक्षकों को ‘मार्क ऑन ड्यूटी’ के तहत उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया है। यह व्यवस्था आगामी 19 मई तक लागू रहेगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि इस अवधि में जनगणना कार्य को गंभीरता, संवेदनशीलता और पूर्ण तन्मयता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कर्मियों पर जनगणना अधिनियम, 1948 की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मकान सूचीकरण कार्य ने पकड़ी रफ्तार

भारत की जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य अब तेजी पकड़ चुका है। प्रगणक और पर्यवेक्षक अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर सत्यापन कार्य पूरा कर चुके हैं। अब मकानों पर नंबर अंकित करने का कार्य शुरू हो गया है। संभावना है कि मंगलवार से प्रगणक एचएलओ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर-घर जाकर डेटा संग्रहण शुरू करेंगे।

दिन में तीन बार हो रही समीक्षा

जिलाधिकारी स्वयं जनगणना कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रतिदिन सुबह 11 बजे, दोपहर 2 बजे और शाम 5 बजे—तीन चरणों में सभी 30 चार्ज से आठ बिंदुओं पर रिपोर्ट ली जा रही है। डीएम सीधे प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। उन्होंने चार्ज अधिकारियों को कहा है कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।

कंट्रोल रूम से हो रही निगरानी

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला सांख्यिकी कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके अलावा सभी 30 ग्रामीण एवं शहरी चार्ज में भी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। यहां से प्रगणक और पर्यवेक्षकों की गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की जा रही है।

नोडल व ऑब्जर्वर लगातार कर रहे भ्रमण

जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार द्वारा नियुक्त जिला नोडल एसएलएमटी अदिति आनंद और ऑब्जर्वर आयुषी सिंह लगातार जिले में कैंप कर कार्यों का निरीक्षण कर रही हैं। वे सीएमएमएस और एचएलबीसी पोर्टल के जरिए ले-आउट मैप और वेब-मैप का जमीनी सत्यापन कर शुद्धिकरण कार्य सुनिश्चित कर रही हैं। उनके साथ जनगणना कोषांग की टीम भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रही है।

एनआईसी दे रहा तकनीकी सहयोग

जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी सह अपर जिला जनगणना अधिकारी तारणी कुमार के नेतृत्व में एनआईसी द्वारा तकनीकी कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है। यहां से गूगल फॉर्म के माध्यम से रिपोर्ट संकलित की जा रही है और रियल टाइम मॉनिटरिंग के जरिए जिलाधिकारी को लगातार अपडेट दिया जा रहा है। तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

प्रशासन का लक्ष्य है कि जनगणना का यह महत्वपूर्ण कार्य तय समय सीमा में पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न हो।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments