पटना 21 जून 2024। बिहार में सभी सरकारी स्कूलों के प्रधानाध्यापक और शिक्षक 25 जून से अपनी उपस्थिति ई-शिक्षाकोष एप्प पर ऑनलाइन दर्ज करेंगे। इसमें चूक या लापरवाही से उनकी सैलरी भी कट जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने ई–शिक्षाकोष एप्प विकसित किया है जिसे शिक्षक गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर अपना यूजर आईडी और पासवर्ड क्रिएट कर कार्य करेंगे। इस एप्प पर एक दिन में दो बार अपनी उपस्थिति दर्ज करनी है।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉक्टर सिद्धार्थ ने राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को एक पत्र जारी कर सभी शिक्षकों द्वारा प्रतिदिन ऑनलाइन अटेंडेंस बनाने और इसे अनिवार्य रूप से लागू करने का निर्देश दिया है।
ऑनलाइन अटेंडेंस बनाने के संबंध में शिक्षा विभाग की ओर से एक वीडियो भी जारी किया गया है जो ऊपर है। इस वीडियो के माध्यम से ऑनलाइन हाजिरी बनाना जान सकते हैं।
इस एप्प के माध्यम से शिक्षकों को दो बार अटेंडेंस बनाना होगा पहली बार जब शिक्षक विद्यालय में आगमन के समय एप्प के अंदर स्कूल इन बटन को क्लिक करके अपनी फोटो के साथ अटेंडेंस बनाना होगा। वहीं दूसरी बार विद्यालय से जाते समय स्कूल आउट बटन को क्लिक करके अटेंडेंस बनाना होगा। अटेंडेंस बनाने के लिए शिक्षकों को अपने विद्यालय के 500 मीटर की परिधि में रहना अनिवार्य होगा।