छपरा, 11 जून 2024: छपरा पुलिस ने फाईनेंसकर्मी से हुए लूटकांड का उद्भेदन करते हुए जहाँ अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है वहीं लूट की मोटर साइकिल बरामद कर ली है्। छपरा नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 जून को हुई लूट की घटना का उद्भेदन करते हुए 1 अपराधी को गिरफ्तार किया है।
बताते चलें कि 11 जून 2024 को, सायं 7 बजे के करीब, नगर थानान्तर्गत सा०-तेलपा की ओर जाने वाली सड़क के मोड़ ओवरब्रीज के पास, 3 अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर एक फाइनेंस कर्मी हीरालाल कुमार (25 वर्ष) से उनकी मोटरसाइकिल, 85526 रुपये नकद, 1 मोबाइल फोन, 1 टैबलेट और 1 बायोमेट्रिक मशीन लूट ली थी।
घटना की सूचना मिलते ही, नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया। लगातार प्रयासों के बाद, पुलिस टीम ने घटना में संलिप्त 1 अपराधी, विनोद कुमार उर्फ़ विनोद कुमार राय (29 वर्ष) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान, विनोद कुमार ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली और पुलिस को लूट की हुई मोटरसाइकिल भी बरामद करवा दी। पुलिस ने बताया कि घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान में पु०अ०नि० अशोक कुमार, पु०अ०नि० यशवंत कुमार सिंह, प्र० पु०अ०नि० शशि कुमार, स०अ०नि० संतोष कुमार नगर थाना और थाना के अन्य कर्मी शामिल रहे।