HomeBiharChapraसड़क परियोजनाओं के लिए भू-अर्जन की समीक्षा, मुआवजा भुगतान में तेजी लाने...

सड़क परियोजनाओं के लिए भू-अर्जन की समीक्षा, मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश

जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण से जुड़े सभी विभागों को भू-अर्जन के साथ-साथ निर्माण कार्य भी तेज गति से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।

छपरा, 06 मई: सारण जिले में विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए चल रहे भू-अर्जन कार्य की समीक्षा जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मुआवजा भुगतान में तेजी लाकर भू-अर्जन की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।

जिले में कई सड़क परियोजनाओं के लिए अलग-अलग मौजों में भू-अर्जन की प्रक्रिया विभिन्न चरणों में चल रही है। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया।

एनएच-139W भारतमाला परियोजना (बाकरपुर-मानिकपुर) में चार मौजों के कुछ रैयतों का मुआवजा भुगतान लंबित है। जिलाधिकारी ने संबंधित रैयतों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर जल्द भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

रामजानकी पथ परियोजना में शेष पंचाटियों से अभिश्रव प्राप्त कर भुगतान पूरा करने तथा एनएचएआई के परियोजना निदेशक को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। गड़खा बाईपास परियोजना में 168 पंचाटियों से अभिश्रव प्राप्त हो चुका है। लंबित मामलों की जांच पूरी कर शेष पंचाटियों से अभिश्रव प्राप्त कर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।

परसा बाईपास परियोजना में वंशावली एवं एलपीसी से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने का निर्देश अंचलाधिकारियों को दिया गया। साथ ही सभी अंचलों में दस्तावेज प्राप्ति के लिए स्थायी व्यवस्था बनाने को कहा गया।

अमनौर बाईपास परियोजना में दस्तावेजों की कमियों को दूर कर भुगतान में तेजी लाने तथा गोल्डेनगंज आरओबी परियोजना में लंबित भुगतान शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को सभी परियोजनाओं में मुआवजा भुगतान तेज करते हुए भू-अर्जन प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। रिविलगंज-विसुनपुरा बाईपास एवं मांझी-गुठनी-दरौली पथ के लिए अद्यतन खेसरा पंजी तत्काल जमा करने को संबंधित अंचलाधिकारियों को कहा गया।

भू-अर्जन प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए जिला भू-अर्जन कार्यालय में 10 लिपिकों को परियोजनावार जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अंचलाधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन कर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण से जुड़े सभी विभागों को भू-अर्जन के साथ-साथ निर्माण कार्य भी तेज गति से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, एनएचएआई के परियोजना निदेशक, एनएच डिवीजन एवं पथ प्रमंडल छपरा/सोनपुर के कार्यपालक अभियंता, एडीएलओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता एवं संबंधित अंचलाधिकारी भी जुड़े रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments