छपरा 03 जून। सारण के नगला प्रखंड के फिरोजपुर गांव में बुधवार की अहले सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़कर बैठ गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फिरोजपुर निवासी स्वर्गीय रवीन्द्र राम की 25 वर्षीय पुत्री ममता कुमारी मोबाइल टावर पर चढ़ गई और काफी ऊंचाई पर जाकर बैठ गई। युवती को टावर पर देख स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही नगरा बीडीओ अनुभव कुमार, खैरा थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान, स्थानीय मुखिया अशोक साह, ललित प्रसाद यादव, समाजसेवी मोतीलाल राय समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास शुरू किया।
ग्रामीणों के अनुसार युवती का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि उक्त युवक की बुधवार को शादी होने वाली थी, जिससे आहत होकर युवती टावर पर चढ़ गई। हालांकि प्रशासन की ओर से इस संबंध में किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
करीब कई घंटों तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। इस बीच युवती अपनी कुछ मांगों को लेकर अड़ी रही। अधिकारियों और ग्रामीणों ने उसकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान का आश्वासन दिया।
लंबी बातचीत और समझाइश के बाद युवती आखिरकार टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। उसके सुरक्षित नीचे उतरते ही प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना को लेकर पूरे दिन क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना रहा।



