छपरा 5 जून। इन दिनों सूबे भर में अपनी बात मनवाने के लिए सनक में मोबाइल टावरों पर चढ़ कर घंटों ड्रामा करने की घटनाओं की बाढ़ सी आ गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर सारण पुलिस ने ऐसी घटनाओं पर सख्ती शुरु कर दी है, पुलिस ऐसे मामलों पर एफआईआर दर्ज कर ऐसा ड्रामा करने वालों को कड़ा संदेश दे रही है। सारण पुलिस जिले के खैरा थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा करने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। टावर को नुकसान पहुंचाने एवं संचार सेवाओं को बाधित करने के प्रयास के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आमजन से ऐसी खतरनाक और गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 को खैरा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में श्री सुमन दयाल सिंह की निजी भूमि पर स्थापित मोबाइल संचार टावर पर एक युवती प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर टावर के ऊपरी हिस्से तक चढ़ गई। इस घटना से टावर की सुरक्षा और संचार व्यवस्था पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया।
सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय प्रशासन तथा संबंधित एजेंसियों के सहयोग से लगभग चार से पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती किसी के बहकावे में आकर टावर पर चढ़ गई थी। पुलिस का कहना है कि यदि टावर को नुकसान पहुंचता तो मोबाइल संचार सेवाएं बाधित हो सकती थीं, संबंधित कंपनी को आर्थिक नुकसान होता और आम लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता। वहीं, युवती की जान भी गंभीर जोखिम में पड़ गई थी।
इस मामले में खैरा थाना कांड संख्या-188/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या उकसावे की बात सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
सारण पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में मोबाइल टावर, विद्युत प्रतिष्ठानों, रेलवे संपत्तियों, सरकारी भवनों या अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक संरचनाओं पर न चढ़ें और न ही किसी अन्य व्यक्ति को ऐसा करने के लिए प्रेरित करें। पुलिस ने कहा कि ऐसी गतिविधियां कानूनन अपराध हैं और इससे लोगों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है।
पुलिस ने लोगों से अफवाह, उकसावे या किसी के बहकावे में आकर कानून हाथ में नहीं लेने तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए वैधानिक एवं शांतिपूर्ण मार्ग अपनाने की सलाह दी है। साथ ही सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष हेल्पलाइन 9031036406 पर देने का आग्रह किया है।



