HomeBiharChapraजनता के दरबार में डीएम ने सुनीं 74 लोगों की समस्याएं, त्वरित...

जनता के दरबार में डीएम ने सुनीं 74 लोगों की समस्याएं, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

जनता दरबार में अधिकांश आवेदन राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित प्राप्त हुए।

सारण, 15 जून 2026। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा आयोजित “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम के तहत सोमवार को आम लोगों की समस्याएं सुनी गईं। प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में आज कुल 74 लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दरबार में अधिकांश आवेदन राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित प्राप्त हुए। रिविलगंज के एक आवेदक ने न्यायालय के आदेश के आलोक में दखल-दिहानी कराने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी रिविलगंज को अविलंब कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मांझी के एक आवेदक ने खरीदी गई जमीन पर चहारदीवारी निर्माण के दौरान स्थानीय व्यक्ति द्वारा बाधा पहुंचाने की शिकायत करते हुए भूमि की मापी कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी मांझी एवं दाउदपुर थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मकेर के एक आवेदक ने घर जाने वाले रास्ते पर पड़ोसी द्वारा अतिक्रमण कर रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी मकेर को दोनों पक्षों की सुनवाई कर समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया।

मढ़ौरा के एक वृद्ध दंपत्ति ने शिकायत की कि उनकी बहू ने उन्हें घर से निकालकर कमरे में ताला लगा दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अनुमंडल पदाधिकारी मढ़ौरा द्वारा उनके पक्ष में आदेश भी पारित किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने थाना प्रभारी को अनुमंडल पदाधिकारी के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

बनियापुर के एक आवेदक ने शिक्षा विभाग में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति संबंधी आवेदन पर कार्रवाई लंबित रहने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विभागीय प्रावधानों के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त प्राप्त अन्य आवेदनों के संबंध में भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई कर समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments