HomeDevelopment & Administrationडीएम वैभव श्रीवास्तव की दूरदर्शी पहल से छपरा के सुनियोजित विकास को...

डीएम वैभव श्रीवास्तव की दूरदर्शी पहल से छपरा के सुनियोजित विकास को मिली नई दिशा, आयोजना क्षेत्र विस्तार प्रस्ताव को मिली स्वीकृति, 445 वर्ग किलोमीटर तक होगा विस्तार

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बैठक में स्पष्ट किया कि भविष्य की आवश्यकताओं और तेजी से बढ़ते शहरीकरण को ध्यान में रखते हुए जोन आधारित मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। इसके तहत आवासीय, वाणिज्यिक, औद्योगिक, संस्थागत, हरित क्षेत्र, परिवहन कॉरिडोर, जल निकाय संरक्षण तथा सार्वजनिक उपयोगिताओं के लिए अलग-अलग जोन निर्धारित किए जाएंगे।

छपरा 13 मई 2026। सारण डीएम वैभव श्रीवास्तव की दूरदर्शी सोच और सक्रिय पहल के परिणामस्वरूप छपरा शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के सुनियोजित और समेकित विकास की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ा है। बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में छपरा आयोजना क्षेत्र के विस्तार प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी गई। इस निर्णय से आने वाले वर्षों में छपरा के व्यवस्थित शहरीकरण, आधारभूत संरचना विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।

छपरा में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजीव प्रताप रूड़ी जुड़े। वहीं छोटी कुमारी, महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता एवं उप महापौर रागिणी कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में भविष्य के मास्टर प्लान, सड़क नेटवर्क, जल निकासी, हरित क्षेत्र और यातायात प्रबंधन को लेकर व्यापक चर्चा हुई।

बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2019 में अधिसूचित छपरा आयोजना क्षेत्र लगभग 101 वर्ग किलोमीटर में विस्तारित था, जिसे अब बढ़ाकर लगभग 445 वर्ग किलोमीटर तक करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिलाधिकारी के नेतृत्व में आमजन और विभिन्न हितधारकों से प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों के निष्पादन के बाद सारण जिला आयोजना क्षेत्र प्राधिकार की बैठक में इस प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति दी गई।

प्रस्तावित विस्तारित क्षेत्र में 422.83 वर्ग किलोमीटर ग्रामीण तथा 22.19 वर्ग किलोमीटर शहरी क्षेत्र शामिल किए गए हैं। इसमें छपरा, रिविलगंज, गरखा, जलालपुर, नगरा एवं मांझी प्रखंडों के कुल 227 राजस्व ग्राम शामिल होंगे। साथ ही छपरा नगर निगम एवं नगर पंचायत रिविलगंज को भी इसमें सम्मिलित किया गया है।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बैठक में स्पष्ट किया कि भविष्य की आवश्यकताओं और तेजी से बढ़ते शहरीकरण को ध्यान में रखते हुए जोन आधारित मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। इसके तहत आवासीय, वाणिज्यिक, औद्योगिक, संस्थागत, हरित क्षेत्र, परिवहन कॉरिडोर, जल निकाय संरक्षण तथा सार्वजनिक उपयोगिताओं के लिए अलग-अलग जोन निर्धारित किए जाएंगे।

इसके अलावा संतुलित ग्रामीण-शहरी विकास, आधुनिक सड़क नेटवर्क, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, पार्क एवं खुले क्षेत्र, ट्रांसपोर्ट हब, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों के विकास तथा पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए विस्तृत ब्लू प्रिंट तैयार किया जाएगा।

बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जिलाधिकारी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह निर्णय आने वाले वर्षों में छपरा को आधुनिक, सुव्यवस्थित और विकासोन्मुख शहर के रूप में स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगा। प्रस्ताव अब नगर विकास एवं आवास विभाग को अनुमोदन हेतु भेजा जाएगा, जिसके बाद विस्तारित आयोजना क्षेत्र की अधिसूचना जारी की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments