छपरा। सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं के चित्र को फाड़कर जलाने एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करने से संबंधित वायरल वीडियो मामले में सारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण विनीत कुमार के निर्देशन में दरियापुर थाना पुलिस द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 मई 2026 को सोशल media पर एक विवादित वीडियो वायरल होने की सूचना मिली थी। वीडियो में एक युवक धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली हरकत करते हुए दिखाई दे रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए दरियापुर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
स्थानीय सत्यापन एवं तकनीकी जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान राहुल जाटव उर्फ राहुल राम (18 वर्ष), पिता अर्जुन राम, निवासी अकबरपुर सीतलपुर, थाना दरियापुर, जिला सारण के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में दरियापुर थाना कांड संख्या-401/26 दिनांक 12.05.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298/299 तथा आईटी एक्ट की धारा 66/66(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारीपूर्वक करें तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री का प्रसारण न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम में दरियापुर थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।



