छपरा, 20 अप्रैल: प्रधान जनगणना अधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर भारत की जनगणना के तहत जारी स्व-गणना (Self Enumeration) को जिले में अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। यह सुविधा 17 अप्रैल से शुरू होकर 01 मई तक उपलब्ध रहेगी।
इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने स्वयं स्वगणना प्रक्रिया पूरी कर जनभागीदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने सफलतापूर्वक अपनी लोकेशन चयनित कर निर्धारित 33 प्रश्नों के उत्तर भरते हुए फॉर्म सबमिट किया, जिसके बाद उन्हें तुरंत एसई-आईडी प्राप्त हुआ।
जिलाधिकारी ने स्वगणना को बढ़ावा देने के लिए प्रारंभिक चरण में जिले के गणमान्य व्यक्तियों का सेल्फ एन्यूमरेशन कराने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को पहले स्वयं स्वगणना करने और अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मियों को भी इसमें शामिल कराने का आदेश दिया है।
उन्होंने बताया कि जनगणना राज्य नोडल सह प्रधान सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा निर्देशित किया गया है कि सभी सरकारी कर्मी शत-प्रतिशत स्वगणना सुनिश्चित करें। सारण दौरे के दौरान समीक्षा बैठक में भी उन्होंने अधिकारियों एवं प्रबुद्ध जनों से स्वगणना में सक्रिय भागीदारी की अपील की थी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य, पंचायत, सामाजिक सुरक्षा, बाल विकास परियोजना सहित सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की यूनिट बनाकर अभियान चलाया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी सरकारी कर्मी स्वगणना से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जितनी अधिक स्वगणना होगी, उतनी ही सरल और सटीक मुख्य जनगणना प्रक्रिया संपन्न हो सकेगी।



