छपरा, 17 अप्रैल 2026: सारण जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बीती रात मंडल कारा, छपरा में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। इस कार्रवाई का नेतृत्व जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने स्वयं किया।
छापेमारी के दौरान जेल के सभी बैरकों की बारीकी से तलाशी ली गई। हर कोने की गहन जांच के बावजूद किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई, जिससे जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जेल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को लगातार सक्रिय एवं प्रभावी रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस विशेष अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), कई पुलिस उपाधीक्षक सहित दर्जन भर से अधिक पदाधिकारी और लगभग 170 पुलिस बल मौजूद रहे।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



