छपरा, 13 मई। आगामी मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ सुरक्षा तैयारियों को लेकर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने बुधवार को सोनपुर प्रखंड के सबलपुर क्षेत्र का दौरा कर बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा कराए जा रहे बाढ़ निरोधक कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी एजेंसी को निर्देश देते हुए कहा कि सभी संसाधनों को “वार फुटिंग” पर लगाकर कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने सख्त समय सीमा निर्धारित करते हुए कहा कि हर हाल में जून महीने के अंत तक सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि मानसून के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की दैनिक निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्य की मॉनिटरिंग डेली बेसिस पर की जाए, जिससे समय पर लक्ष्य हासिल किया जा सके।
बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील तटबंध के 1.8 किलोमीटर लंबे हिस्से को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने इसे शीघ्र सुरक्षित करने का आदेश दिया। साथ ही कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल को निर्देशित किया गया कि आबादी वाले क्षेत्रों के समीप पर्याप्त संख्या में सैंडबैग और अन्य बाढ़ सुरक्षा सामग्रियों का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर, कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल तथा अंचलाधिकारी सोनपुर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा, “हमारी प्राथमिकता तटबंध को समय से सुरक्षित करना है ताकि मानसून के दौरान जन-धन की हानि को रोका जा सके। विभाग को स्पष्ट निर्देश हैं कि संसाधन बढ़ाएं और जून खत्म होने से पहले काम को अंतिम रूप दें।”



