मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर भी तैयारियां तेज, बाबा हरिहरनाथ मंदिर से लेकर मुख्य पंडाल तक व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
सारण, 20 नवंबर। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 को भव्य, आकर्षक और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार लगातार मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को डीएम ने विभिन्न आयोजन स्थलों, मुख्य पंडाल, मंच, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
आकर्षक रोशनी से जगमगाएगा मेला परिसर
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विशेष रूप से मेला परिसर की लाइटिंग व्यवस्था को आकर्षक, पर्याप्त और सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि मेले का प्रत्येक प्रमुख क्षेत्र पर्याप्त रोशनी से जगमग रहे, ताकि रात्रि में भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन एवं भ्रमण में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
विद्युत सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि कहीं भी बिजली के तार लटकते या अव्यवस्थित स्थिति में नहीं रहने चाहिए। सभी वायरिंग, कनेक्शन, विद्युत पोल और लाइटिंग फिटिंग को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थित किया जाए। नियमित निरीक्षण के माध्यम से संभावित विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को पूरी तरह समाप्त करने का भी निर्देश दिया गया।
साफ-सफाई, पेयजल और यातायात व्यवस्था पर जोर
डीएम ने साफ-सफाई, पेयजल, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, पंडाल निर्माण और मंच सज्जा से जुड़ी तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।
मेले की सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध बनाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं, खेलकूद, कला प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को आयोजन स्थलों, आवश्यक संसाधनों और प्रतिभागियों की सुविधाओं की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर विशेष सतर्कता
सोनपुर मेला-2026 के उद्घाटन अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन को देखते हुए प्रशासनिक एवं सुरक्षा तैयारियों को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यक्रम स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, यातायात नियंत्रण, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री के संभावित बाबा हरिहरनाथ मंदिर आगमन को लेकर भी जिला पदाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने और सभी व्यवस्थाओं को त्रुटिरहित रखने का निर्देश दिया।
समयबद्ध तैयारी और बेहतर आतिथ्य प्रशासन की प्राथमिकता
जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सभी विभागों को पूरी प्रतिबद्धता, जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि सोनपुर मेला-2026 में देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आगंतुकों को सुरक्षित वातावरण, स्वच्छ परिसर, बेहतर नागरिक सुविधाएं और यादगार अनुभव मिले। आकर्षक विद्युत सज्जा, सुव्यवस्थित आयोजन, सांस्कृतिक विविधता और बेहतर प्रबंधन के साथ इस वर्ष का सोनपुर मेला अपनी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई भव्यता प्रदान करे।



