छपरा। श्री लक्ष्मीनारायण यादव अध्ययन केन्द्र, रामजयपाल कॉलेज, छपरा में रविवार, 9 अगस्त को आयोजित होने वाले “सम्मान समारोह सह काव्य पाठ” की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए इसके आयोजक प्रो० (डॉ०) वीरेन्द्र नारायण यादव, एम०एल०सी० स्वयं तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
कार्यक्रम में राजनीति विज्ञान के वरिष्ठ आचार्य एवं इलाहाबाद विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के निवर्तमान अध्यक्ष प्रो० (डॉ०) पंकज कुमार को उनके दीर्घ शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। वहीं सुप्रसिद्ध साहित्यकार एवं अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, रीवा के हिन्दी विभाग के निवर्तमान अध्यक्ष प्रो० (डॉ०) दिनेश कुशवाह काव्य पाठ करेंगे। इस अवसर पर डॉ० अमित रंजन के सद्यः प्रकाशित काव्य संग्रह ‘मौसिकी: अहसासों का आसमान’ का लोकार्पण भी होगा।
आयोजक प्रो० (डॉ०) वीरेन्द्र नारायण यादव ने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और संवेदनाओं के संगम का अवसर है। उन्होंने कार्यक्रम को लेकर व्यक्तिगत स्तर पर तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोजन स्थल, अतिथियों के स्वागत, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।
लोगों से वीरेन्द्र नारायण यादव की अपील
प्रो० (डॉ०) वीरेन्द्र नारायण यादव ने सारणवासियों, साहित्यप्रेमियों, शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और कला-संस्कृति से जुड़े लोगों से अपील की है— “सारण की धरती हमेशा से ज्ञान, साहित्य और संस्कृति की उर्वर भूमि रही है। यह आयोजन उसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का एक विनम्र प्रयास है। मैं सभी साहित्यप्रेमियों, बुद्धिजीवियों और आम नागरिकों से आग्रह करता हूँ कि रविवार, 9 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे श्री लक्ष्मीनारायण यादव अध्ययन केन्द्र, रामजयपाल कॉलेज, छपरा में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस साहित्यिक एवं सम्मानपूर्ण अवसर को अपनी उपस्थिति से गरिमा प्रदान करें। आइए, हम मिलकर विद्वता का सम्मान करें, कविता का आनंद लें और साहित्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करें।”
उन्होंने कहा कि “मौसिकी: अहसासों का आसमान” के लोकार्पण और काव्य पाठ के साथ यह आयोजन साहित्य के प्रति नई पीढ़ी की रुचि बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
कार्यक्रम : रविवार, 9 अगस्त 2026 | पूर्वाह्न 11 बजे
स्थान : श्री लक्ष्मीनारायण यादव अध्ययन केन्द्र, रामजयपाल कॉलेज, छपरा



