पटना/मुंगेर, 28 जुलाई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और पुलिस अवसंरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन कर विकास की नई इबारत लिखी। उन्होंने मॉडल स्कूलों, अत्याधुनिक थाना भवन तथा नए राजकीय डिग्री महाविद्यालय का शुभारंभ करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मजबूत कानून-व्यवस्था और रोजगार के अवसर पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) योजना के तहत चयनित उच्च विद्यालयों का उद्घाटन किया। इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, डिजिटल शिक्षण सुविधाएं और समृद्ध पुस्तकालय विकसित किए गए हैं। उद्घाटन के बाद उन्होंने विद्यालयों का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने तारापुर प्रखंड के हरपुर स्थित नवनिर्मित मॉडल थाना भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने भवन में उपलब्ध जन सुनवाई कक्ष, अभिलेख प्रबंधन प्रणाली, निगरानी नियंत्रण कक्ष, महिला एवं बाल सुविधा कक्ष, वायरलेस तथा कंप्यूटर कक्ष सहित आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिस अवसंरचना से कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा अपराध नियंत्रण एवं त्वरित कार्रवाई की क्षमता मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने असरगंज के जलालाबाद स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन की भी शुरुआत कराई। उन्होंने कहा कि ‘सात निश्चय-3’ के तहत राज्य सरकार प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज स्थापित कर ग्रामीण विद्यार्थियों को घर के निकट उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के संकल्प पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब 212 राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में पढ़ाई शुरू हो चुकी है और आगे सभी बीएड कॉलेजों में भी चरणबद्ध तरीके से डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रखंडों में लाइव क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और डिजिटल ऐप के माध्यम से विद्यार्थी रात 11 बजे तक भी शिक्षकों से ऑनलाइन मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि सरकारी विद्यालयों में शनिवार को हाफ-डे पढ़ाई होगी तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि तारापुर में उद्योगों की स्थापना और अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के विकास की दिशा में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे स्थानीय युवाओं को बिहार में ही रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और मुंगेर-तारापुर क्षेत्र विकास के नए केंद्र के रूप में उभरेगा।
मुख्यमंत्री ने सुल्तानगंज से बाबा धाम तक की कांवर यात्रा को सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण बताते हुए कहा कि समान भाव से श्रद्धालुओं की यह यात्रा भारतीय संस्कृति की एकता और सामाजिक समानता का प्रतीक है।
कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



