डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी विनीत कुमार ने अधिकारियों को किया ब्रीफ, सीसीटीवी, जैमर, बायोमैट्रिक और धारा 163 के बीच होगी परीक्षा
सारण, छपरा, 28 जुलाई। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना द्वारा आयोजित बिहार गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक अनुदेशक के पद के लिए 29 जुलाई को होने वाली लिखित परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। मंगलवार को भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त ब्रीफिंग कर परीक्षा ड्यूटी में प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा 29 जुलाई को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक एक पाली में आयोजित होगी। जिले में 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 9,288 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे तक रिपोर्टिंग करनी होगी, जबकि 10:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर आयोग की ओर से फोटोग्राफी, बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट एवं फेस वेरिफिकेशन की व्यवस्था रहेगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए जाएंगे। ई-प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
डीएम ने सभी केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और उड़नदस्ता टीमों को निर्देश दिया कि दस्तावेजों की जांच पूरी सावधानी से करें। केंद्र में प्रवेश करने वाले फोटोग्राफर एवं वीडियोग्राफर की भी अनिवार्य शारीरिक जांच की जाएगी। उन्होंने पीए सिस्टम के नियमित उपयोग तथा परीक्षा दिवस पर सभी केंद्रों के पूर्ण सैनिटाइजेशन के भी निर्देश दिए।
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने कहा कि परीक्षा के सफल संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दंडाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचेंगे और परीक्षा समाप्त होने के बाद भी विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहेंगे।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा को पूरी तरह स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर ही अभ्यर्थियों की गहन शारीरिक जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, चिट-पर्ची, चाकू, माचिस, ब्लेड सहित किसी भी प्रतिबंधित सामग्री को ले जाना पूर्णतः निषिद्ध रहेगा।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
परीक्षा की निगरानी और त्वरित समन्वय के लिए अनुमंडल कार्यालय, सदर, छपरा परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06152-242444 है, जो परीक्षा दिवस पर सुबह 7:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक लगातार कार्यरत रहेगा।



