HomeRegionalBiharलोगों की समस्याओ का त्वरित समाधान हो और उन्हें न्याय मिले यही...

लोगों की समस्याओ का त्वरित समाधान हो और उन्हें न्याय मिले यही ‘सहयोग शिविर’ का मूल उद्देश्य है- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू किया गया ‘सहयोग शिविर’ कार्यक्रम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का मजबूत माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि सात निश्चय योजना-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ संकल्प को जमीन पर उतारने के लिए अब प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को बिहार के सभी पंचायतों में ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किए जाएंगे।

सोनपुर (सारण) 19 मई 2026। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के तहत जन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए सारण जिले के सोनपुर प्रखंड अंतर्गत डुमरी बुजुर्ग पंचायत में मंगलवार को ‘सहयोग शिविर’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू किया गया ‘सहयोग शिविर’ कार्यक्रम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का मजबूत माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि सात निश्चय योजना-3 के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ संकल्प को जमीन पर उतारने के लिए अब प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को बिहार के सभी पंचायतों में ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार ने 11 मई को ही सहयोग पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1100 जारी किया था, जिसके जरिए लोग सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि शिविर में प्राप्त हर आवेदन का निष्पादन हर हाल में 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा। इसके लिए 10वें, 20वें और 25वें दिन संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किए जाएंगे तथा 30वें दिन तक आदेश निर्गत नहीं होने पर 31वें दिन संबंधित अधिकारी स्वतः निलंबित माने जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को भटकाना नहीं, बल्कि समयबद्ध तरीके से न्याय और राहत पहुंचाना है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई मामला न्यायालय से जुड़ा भी होगा, तब भी प्रशासन संबंधित व्यक्ति को हरसंभव सहयोग देगा।

सोनपुर क्षेत्र के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि यहां एयरपोर्ट और बाबा हरिहरनाथ के नाम पर नया टाउनशिप विकसित किया जाएगा। भूमि अधिग्रहण की स्थिति में प्रभावित लोगों को चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही सोनपुर में नए पुलों के निर्माण, महात्मा गांधी जेपी सेतु के समानांतर पुल, कच्ची दरगाह-राघोपुर पुल तथा गंगा-अंबिका पथ जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार इस क्षेत्र को नोएडा की तर्ज पर विकसित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गांव-गांव तक सड़क, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाएं पहुंची हैं और अब रोजगार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के 211 प्रखंडों में जहां डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां जुलाई से पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक प्रखंड में मॉडल स्कूल के रूप में सरस्वती विद्या निकेतन स्थापित करने की दिशा में कार्य हो रहा है।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सामान्य मरीजों को अनुमंडल और जिला अस्पतालों से अनावश्यक रेफर करने की पुरानी व्यवस्था को 15 अगस्त तक समाप्त करना होगा। यदि सामान्य मरीज को रेफर किया गया तो संबंधित सिविल सर्जन के विरुद्ध कार्रवाई होगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘सहयोग शिविर’ के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के शत-प्रतिशत निष्पादन के तहत लाभुकों को बासगीत पर्चा, राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना एवं स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के लाभुकों को सांकेतिक चेक भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि sahyog.bihar.nic.in पोर्टल पर प्राप्त होने वाले आवेदनों का भी 30 दिनों के भीतर निष्पादन अनिवार्य होगा, अन्यथा संबंधित पदाधिकारी से स्वतः स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

कार्यक्रम में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक  विनय कुमार सिंह, विधायक कृष्ण कुमार मंटू, विधायक जनक सिंह, विधायक मनोरंजन सिंह, विधायक श्रीमती छोटी कुमारी, विधायक रणधीर कुमार सिंह, विधान पार्षद सच्चिदानंद राय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव सह सारण जिला के प्रभारी सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ० गोपाल सिंह, सारण प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार, सारण प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक निलेश कुमार, जिलाधिकारी  वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments