पटना/दरभंगा, 14 मई 2026। सीआईएसएफ को दरभंगा हवाई अड्डे की सुरक्षा औपचारिक रूप से सौंप दी गई। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के पुलिस महानिदेशक को सीआईएसएफ का ध्वज एवं सांकेतिक चाबी सौंपकर दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा की कमान हस्तांतरित की।
दरभंगा हवाई अड्डा परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह दिन बिहार और मिथिलांचल के लिए ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री के आह्वान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए छोटे स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने, ईंधन की बचत करने तथा न्यूनतम संसाधनों के उपयोग पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने मिथिला की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह धरती माता जानकी और भगवान श्रीराम की स्मृतियों से जुड़ी हुई है तथा त्याग और परंपरा की प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मिथिलांचल के मखाना को विश्व स्तर पर सुपर फूड के रूप में पहचान मिली है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने संबोधनों में इसका उल्लेख करते रहे हैं।
सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 2005-06 में बिहार से हवाई यात्रा करने वालों की संख्या करीब 2.5 लाख थी, जो अब बढ़कर 50 लाख से अधिक हो गई है। राज्य सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में एयर कनेक्टिविटी को 10 गुना बढ़ाना है, ताकि 4 से 5 करोड़ लोग हवाई यात्रा कर सकें।
उन्होंने कहा कि बिहार के सभी जिलों में एयर ट्रैफिक का विस्तार किया जाएगा, चाहे वह एयरपोर्ट, एयर स्ट्रिप या हेलीपोर्ट के रूप में हो। मुजफ्फरपुर, रक्सौल, सहरसा और वीरपुर में एयरपोर्ट निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि पूर्णिया एयरपोर्ट चालू हो गया है। मुंगेर, अजगैबीनाथ, भागलपुर और बेगूसराय के एयरपोर्ट को भी जल्द शुरू कराने की दिशा में काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दरभंगा एयरपोर्ट का नाम बाबा विद्यापति के नाम पर रखने के लिए प्रधानमंत्री से आग्रह किया जाएगा तथा इसे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट मिथिलांचल के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। साथ ही बंद पड़ी अशोक पेपर मिल की जगह नए उद्योग स्थापित करने की दिशा में भी सरकार काम करेगी।
इस दौरान सीआईएसएफ जवानों ने अपने विशेष करतबों का प्रदर्शन कर सुरक्षा बल की दक्षता और क्षमता का परिचय दिया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, पाग एवं मखाना माला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में कई मंत्री, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सीआईएसएफ के जवान उपस्थित रहे।



