रविरंजन प्रसाद सिंह अध्यक्ष, शशिभूषण त्रिपाठी महामंत्री व दुर्गेश प्रकाश बिहारी कोषाध्यक्ष निर्वाचित
विधिमंडल कैंपस में सुबह शुरू हुई मतगणना
सबसे पहले अध्यक्ष का रिजल्ट किया गया घोषित
तीसरी आंख की जद में शुरू हुआ मतगणना कार्य
छपरा। छपरा विधि मंडल के बहुचर्चित चुनाव में शनिवार को हुई मतगणना में पूर्व महामंत्री रविरंजन प्रसाद सिंह अध्यक्ष चुने गए, वही शशि भूषण त्रिपाठी महामंत्री व दुर्गेश प्रकाश बिहारी कोषाध्यक्ष पद पर काबिज हुए। विधिमंडल कैंपस में सुबह शुरू हुई मतगणना में सबसे पहले अध्यक्ष व महामंत्री का रिजल्ट घोषित किया गया। अध्यक्ष पद पर रविरंजन प्रसाद सिंह को 536 मत मिले, वही उनके प्रतिद्वंदी अमरेंद्र कुमार सिंह को 359 मत मिले। 177 मतों के अंतर से रवि रंजन प्रसाद सिंह अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। वहीं महामंत्री पद पर शशि भूषण त्रिपाठी ने 227 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
मतगणना में शुरू से ही शशि भूषण त्रिपाठी अपने प्रतिद्वंदी अशोक कुमार सिंह नंबर चार से काफी मतों के अंतर से आगे चल रहे थे। शशि भूषण त्रिपाठी को 373 तो अशोक कुमार सिंह नंबर चार को 146 मत से ही संतोष करना पड़ा। वही कोषाध्यक्ष पद पर दुर्गेश प्रकाश बिहारी निर्वाचित घोषित किये गए। उन्हें 546 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी मनोज कुमार सिंह को 380 मत मिलें। 166 मत से दुर्गेश बिहारी कोषाध्यक्ष चुने गए।
जीत के बाद एक दूसरे को पहनाया माला
गीत के बाद प्रत्याशियों व समर्थकों ने एक दूसरे को माला पहनाया कोर्ट कैंपस में मिठाई का भी दौर चला। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ अधिवक्ताओं का अभिवादन भी स्वीकार कर रहे थे। वही समर्थक अपने प्रत्याशी को जीत के बाद माला पहनाने में व्यस्त दिखे। समर्थकों का कहना था कि उनके परिश्रम का फल मतगणना में मिला। काई अधिवक्ता सेल्फी लेने में भी आगे रहे।
शाम जारी हुआ रिजल्ट
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक सुबह में विधिमंडल परिसर में मतगणना का कार्य शुरू हुआ। शाम में कोषाध्यक्ष पद का परिणाम घोषित किया गया। मतगणना कार्य की संपूर्ण वीडियोग्राफी भी कराई गई। पहले मतपत्रों की छटाई की गई। उसके बाद बंडल बनाने का कार्य पूरा हुआ। प्रथम दिन की मतगणना के बाद प्रत्याशियों की उपस्थिति में बक्सा को सील बंद कर स्ट्रांग रूम में जमा कराया गया।
सभी ने विधिमंडल के चदुर्दिक विकास की कही बात
चुनाव में जीत दर्ज करने वाले विधि मंडल के अध्यक्ष, महामंत्री व कोषाध्यक्ष ने एक स्वर से विधि मंडल के चतुर्दिक विकास की बात कही। सभी ने कहा कि सभी मतभेदों को भुलाकर कार्य किया जाएगा । अधिवक्ताओं की समस्याओं का तुरंत निदान निकाला जाएगा और विधि मंडल के लंबित कार्यों को भी पूरा करने के लिए कार्य योजना बनाई जाएगी।
दिन भर कैम्प करते रहे मुख्य निर्वाची पदाधिकारी
छपरा बार एसोसिएशन के मतगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मुख्य निर्वाची पदाधिकारी
कल्याण किशोर एवं निर्वाचन पदाधिकारी मधुसूदन मंडल ,बृजेंद्र कुमार सिंह उर्फ बबलू तथा श्याम किशोर मिश्रा पूरे दिन मतगणना स्थल पर कैम्प करते रहें। मतगणना के दौरान किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई थी।
रविवार को भी होगी मतगणना
विधिमंडल के अन्य पदों के लिए रविवार को मतगणना का कार्य होगा। इसके लिए भी तैयारी पूरी कर ली गई है। देर शाम तक सभी परिणाम घोषित हो जाने की उम्मीद है। प्रत्याशियों ने कहा कि रविवार का दिन उनके लिए अहम दिन साबित होगा। रविवार को विधिमंडल के शेष बचे पदों का सभी परिणाम घोषित हो जाने पर मतगणना प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी।



