छपरा 18 फरवरी 2026। शहर में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) की स्थापना को लेकर डीएम वैभव श्रीवास्तव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से सुदृढ़ बनाने और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को जल्द चालू करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि ICCC के माध्यम से पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर एक ही स्थान से नजर रखी जाएगी। इसके लिए शहर के 56 चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनमें से 51 स्थानों पर फाउंडेशन का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष 5 स्थानों के लिए पुलिस उपाधीक्षक (ट्रैफिक) एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदर द्वारा स्थलीय जांच कर उपयुक्त स्थल का प्रस्ताव दिया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि पथ निर्माण विभाग एवं एनएच डिवीजन से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त कर सभी कैमरों का कनेक्शन समय पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।
बताया गया कि जिला परिवहन कार्यालय के पीछे ICCC का नया भवन निर्माणाधीन है। इस केंद्र के चालू होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था, जाम की स्थिति, दुर्घटनाओं और कानून-व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी संभव हो सकेगी।
बैठक में नगर आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी तथा पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



