छपरा 14 जनवरी। आज जिलाधिकारी, सारण वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण विनीत कुमार द्वारा संयुक्त रूप से सदर स्थित ईवीएम मशीन वेयरहाउस का आंतरिक एवं भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने वेयरहाउस परिसर की प्रवेश व्यवस्था, ईवीएम मशीनों के सुरक्षित रखरखाव तथा समुचित सुव्यवस्था की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में ईवीएम मशीनों की सुरक्षा से संबंधित सभी मानकों एवं प्रावधानों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, नियंत्रण कक्ष की निगरानी व्यवस्था एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि वेयरहाउस में चौबीसों घंटे सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक गतिविधि का नियमित रूप से अभिलेखीकरण किया जाए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।



