छपरा, 21 जून 2026: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर खेल भवन, छपरा में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, न्यायपालिका, प्रशासनिक अधिकारियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक छपरा श्रीमती छोटी कुमारी, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सारण श्री पुनीत कुमार गर्ग, जिलाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव तथा उप विकास आयुक्त श्री लक्ष्मण तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की भारतीय जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है, तनाव को कम करता है और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, उत्साह और ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि “योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक नागरिक को नियमित योग करना चाहिए तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।”
कार्यक्रम में विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी, स्थानीय खिलाड़ी, युवा, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योग कर स्वस्थ, संतुलित एवं निरोग जीवन अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।



