छपरा, 8 जुलाई। मुख्यमंत्री के प्रत्यक्ष नियंत्रण में 14 जुलाई को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय सहयोग शिविर को लेकर सारण जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जिला से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया कि सारण जिले से संबंधित सभी चिन्हित शिकायतों का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में बताया गया कि राज्यस्तरीय सहयोग शिविर में पूरे बिहार से चयनित 100 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। सारण जिले से अब तक प्राप्त 24 शिकायतों के संबंध में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से समाधान कर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी बताया कि राज्यस्तरीय सहयोग शिविर में शामिल होने वाले शिकायतकर्ताओं को जिला प्रशासन द्वारा वाहन, भोजन सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उनकी सुरक्षा एवं समुचित व्यवस्था के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का नियमानुसार निस्तारण कर उसकी अद्यतन रिपोर्ट निर्धारित पोर्टल पर शीघ्र अपलोड करें, ताकि राज्यस्तरीय शिविर में किसी भी मामले के निष्पादन में विलंब न हो।



