HomeRegionalBiharदुगुनी रफ्तार, जीरो टॉलरेंस: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का प्रशासन को सख्त संदेश

दुगुनी रफ्तार, जीरो टॉलरेंस: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का प्रशासन को सख्त संदेश

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक ढिलाई पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि फाइलों को लटकाने और केवल पत्राचार तक सीमित रहने की प्रवृत्ति खत्म करनी होगी। मुख्यालय से लेकर जमीनी स्तर तक हर विभाग को समयबद्ध तरीके से काम करना होगा और जनता से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।

 

पटना 15 अप्रैल 2026। नये मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के तुरंत बाद सम्राट चौधरी ने बुधवार को मुख्य सचिवालय पहुंचकर राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अहम बैठक की और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर स्पष्ट एवं कड़े दिशा-निर्देश दिये।

मुख्य सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अब समय है काम की रफ्तार को दुगुना करने का, ताकि जनता की समस्याओं का समाधान तेजी से हो सके। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर पूरी दृढ़ता के साथ अमल किया जायेगा और किसी भी स्तर पर इसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक ढिलाई पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि फाइलों को लटकाने और केवल पत्राचार तक सीमित रहने की प्रवृत्ति खत्म करनी होगी। मुख्यालय से लेकर जमीनी स्तर तक हर विभाग को समयबद्ध तरीके से काम करना होगा और जनता से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।

उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवादों को राज्य में अधिकांश सामाजिक तनाव का कारण बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों का सरल और शीघ्र समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रखण्ड, अंचल और थाना स्तर पर आम जनता को सुगम सेवाएं और समय पर न्याय मिलना चाहिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अपने पूर्व अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि मंत्री और वित्त मंत्री के रूप में उन्हें प्रशासनिक तंत्र के साथ काम करने का व्यापक अनुभव रहा है, और अब उसी समझ के आधार पर कार्यों की गति और गुणवत्ता दोनों को बेहतर बनाना लक्ष्य है।

उन्होंने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि “सात निश्चय” योजनाओं ने राज्य को नई दिशा दी है। वर्ष 2025 में लागू “सात निश्चय-3” के तहत भी तेजी से काम करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, प्रगति यात्रा के दौरान घोषित सैकड़ों योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से सीधा संवाद और उनकी समस्याओं का वास्तविक समाधान ही सरकार का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने सभी विभागों को अपने कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने और नियमित समीक्षा के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया।

बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए सभी अधिकारियों को एकजुट होकर अनुशासन, संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।

बैठक में मुख्य सचिव सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments