मोतिहारी पूर्वी चंपारण जिला पुलिस और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात महिला अपराधी रीता सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला अपराधी प्रतिबंधित संगठन की सदस्य थी। उसके उपर सरकार ने 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा था और वह फरार चल रही थी। इसके उपर जिला के विभिन्न थाना में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और रंगदारी से संबंधित आठ मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार रीता सिंह पताही थाना क्षेत्र के बेतौना गांव की रहने वाली है। पुलिस के अनुसार रीता सिंह का संबंध प्रतिबंधित संगठन आजाद हिंद फौज से भी रहा है। रीता सिंह के पति जितेंद्र सिंह पंचायत के मुखिया थे और मुखिया रहते वर्ष 2005 में नक्सलियों ने जितेंद्र सिंह के घर पर धावा बोलकर उनकी हत्या कर दी थी। उसके बाद रीता सिंह ने गांव छोड़ दिया और वह श्रीश्री रविशंकर के आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़ गई। रीता सिंह मोतिहारी जेल समेत कई जेलों में आर्ट ऑफ लिविंग का प्रशिक्षण शिविर लगाती थी। इन सबके बीच रीता सिंह का नाम अचानक आपराधिक गतिविधियों में आने लगा।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पकड़ीदयाल डीएसपी सुबोध कुमार के नेतृत्व में पताही थाना और एसटीएफ के एसओजी 8 टीम ने जिला की कुख्यात अपराधी रीता सिंह को पताही से गिरफ्तार किया है। इस अपराधी पर कुल 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। वह आठ कांडों में यह फरार चल रही थी।