HomeRegionalBiharसोनपुर मेला और कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 22...

सोनपुर मेला और कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 22 से 28 नवंबर तक कई मार्गों पर रहेगी विशेष व्यवस्था

लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी यात्रा की योजना निर्धारित ट्रैफिक प्लान के अनुसार बनाएं तथा यातायात एवं पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन कर मेला और गंगा स्नान के आयोजन को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।

मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर गंगा स्नान तक यातायात में बदलाव, भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित; श्रद्धालुओं से प्रशासन ने की सहयोग की अपील

सारण, 21 नवंबर 2026। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के उद्घाटन समारोह और कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सारण जिला प्रशासन ने व्यापक यातायात प्रबंधन योजना जारी की है। 22 नवंबर को मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित आगमन तथा 23 से 25 नवंबर तक कार्तिक पूर्णिमा स्नान के मद्देनजर सुरक्षा, सुगम आवागमन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध एवं रूट डायवर्जन लागू किए जाएंगे।

सारण एवं वैशाली जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर तैयार की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं, आम नागरिकों और वाहन चालकों को जाम एवं अनावश्यक परेशानियों से बचाना है।

22 नवंबर को मुख्यमंत्री के आगमन पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था

सोनपुर मेला के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए 22 नवंबर को अपराह्न 3 बजे से रात्रि 8 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान छपरा से सोनपुर की ओर जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट कर महात्मा गांधी सेतु के रास्ते भेजा जाएगा।

23 से 25 नवंबर तक शहर में वाहनों के प्रवेश पर रोक

कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के अवसर पर 23 नवंबर के पूर्वाह्न से 25 नवंबर के पूर्वाह्न तक शहर में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान केवल मेला कार्य में लगे सरकारी वाहन और रोगी वाहन ही परिचालित हो सकेंगे।

बड़े वाहनों के लिए निर्धारित किए गए वैकल्पिक मार्ग

यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए छपरा और पटना की ओर से आने-जाने वाले बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।

  • छपरा से हाजीपुर जाने वाले बड़े वाहन: मकेर, रेवा घाट, अंबारा, लालगंज एवं भगवानपुर थाना होते हुए हाजीपुर जाएंगे। इन वाहनों का हाजीपुर शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
  • पटना से छपरा आने वाले बड़े वाहन: महात्मा गांधी सेतु होकर आने वाले वाहन रामाशीष चौक से भगवानपुर थाना, लालगंज, अंबारा एवं रेवा घाट होते हुए छपरा पहुंचेंगे।

नए गंडक पुल पर छोटे वाहनों को राहत

नए गंडक पुल (एनएच-19) पर छोटे वाहनों का परिचालन जारी रहेगा। वहीं, सौ वर्ष से अधिक पुराने गंडक पुल के निचले हिस्से के क्षतिग्रस्त होने के कारण हाजीपुर-सोनपुर मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन पहले से ही पूरी तरह बंद है।

पुराने गंडक पुल पर पैदल श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पुराने गंडक पुल पर अलग-अलग तिथियों में पैदल आवागमन की विशेष व्यवस्था की गई है।

23 नवंबर से 26 नवंबर को शाम 5 बजे तक: हाजीपुर की ओर से हरिहरनाथ मंदिर एवं सोनपुर गंगा स्नान घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुल के दोनों तरफ के पैदल यात्री लेन खुले रहेंगे। इस दौरान पुल पर सभी प्रकार के दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। सोनपुर से हाजीपुर की ओर जाने वाले पैदल यात्रियों के लिए यह मार्ग बंद रहेगा।

26 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 28 नवंबर तक: पुल का बीच वाला मुख्य सड़क मार्ग सोनपुर से हाजीपुर जाने वाले यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं, दोनों तरफ के पैदल यात्री लेन हाजीपुर से सोनपुर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे।

यातायात नियमों के पालन की अपील

जिला प्रशासन सोनपुर मेला के उद्घाटन, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन और कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान को लेकर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की तैयारियों में जुटा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं, आम नागरिकों और वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों एवं वैकल्पिक रूट का पालन करने की अपील की है।

साथ ही लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी यात्रा की योजना निर्धारित ट्रैफिक प्लान के अनुसार बनाएं तथा यातायात एवं पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन कर मेला और गंगा स्नान के आयोजन को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments