छपरा, 30 जुलाई 2026। भारतीय जननाट्य संघ (इप्टा), छपरा के तत्वावधान में कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती के अवसर पर 31 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को दिन के 11:00 बजे से श्री लक्ष्मीनारायण यादव वाचनालय, रामजयपाल कॉलेज, छपरा में एक भव्य विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर “समकालीन परिप्रेक्ष्य में प्रेमचंद के विचारों की प्रासंगिकता” विषय पर विस्तृत विमर्श होगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं एमएलसी सह प्रधान संरक्षक प्रो. (डॉ.) वीरेन्द्र नारायण यादव होंगे, जो वर्तमान सामाजिक, सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक संदर्भों में प्रेमचंद के विचारों की प्रासंगिकता पर अपना व्याख्यान देंगे।
विचार गोष्ठी में प्रो. लाल बाबू यादव (संरक्षक), प्रो. पृथ्वीराज सिंह (प्राध्यापक, अंग्रेज़ी), सुरेन्द्र नाथ त्रिपाठी (अध्यक्ष), डॉ. अमित रंजन (कार्यकारी अध्यक्ष), डॉ. दीनेश पाल (सहायक प्राध्यापक, हिन्दी) सहित अनेक साहित्यकार, शिक्षाविद्, रंगकर्मी एवं बुद्धिजीवी अपने विचार व्यक्त करेंगे।
इप्टा, छपरा ने साहित्य, संस्कृति और समाज से जुड़े सभी प्रबुद्ध नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, साहित्यप्रेमियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।



