HomeCrimeअब पंचायत में ही मिलेगा समाधान: 19 मई से सारण में ‘सहयोग...

अब पंचायत में ही मिलेगा समाधान: 19 मई से सारण में ‘सहयोग शिविर’ की शुरुआत

सहयोग शिविर” का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों और आवेदनों का एक ही स्थान पर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना है, साथ ही आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ आसानी से उपलब्ध कराना है। यह शिविर हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।

 

 

छपरा, 02 मई: बिहार सरकार की नई जनहितकारी पहल के तहत सारण जिला में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के लिए “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी पहल की शुरुआत 19 मई से होगी, जब जिले के सभी प्रखंडों की 3-3 पंचायतों—कुल 60 पंचायतों में एक साथ शिविर लगाए जाएंगे।

इस आयोजन को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने प्रेक्षा गृह में सभी विभागों के जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों को शिविर के उद्देश्य, प्रक्रिया और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर स्पष्ट संदेश दिया गया।

प्रशासन के अनुसार, “सहयोग शिविर” का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों और आवेदनों का एक ही स्थान पर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना है, साथ ही आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ आसानी से उपलब्ध कराना है। यह शिविर हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।

शिविरों में जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो मौके पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए 30 दिन पहले से ही आवेदन लेने की व्यवस्था प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा की जाएगी, ताकि शिविर के दिन तक अधिकतम मामलों का निपटारा हो सके।

इन शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि सुधार, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत और जलापूर्ति समेत कई विभागों से संबंधित मामलों का समाधान किया जाएगा। शिविर स्थल पर नागरिकों के बैठने, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि इस पहल का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। साथ ही, शिविर के आयोजन से पहले, दौरान और बाद की सभी प्रक्रियाओं को स्पष्ट रूप से लागू करने पर जोर दिया गया है।

इस पहल की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए राज्य स्तर से तीन वरीय पदाधिकारियों की भी सारण में प्रतिनियुक्ति की गई है।

19 मई को प्रत्येक प्रखंड के चयनित तीन पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे, जहां संबंधित वरीय पदाधिकारी के नेतृत्व में कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।

जिला प्रशासन की अपील:

सारण जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित “सहयोग शिविर” में भाग लेकर अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त करें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments