छपरा 20 अप्रैल 2026: जिला प्रशासन, सारण के तत्वावधान में विद्युत आपूर्ति अंचल, छपरा द्वारा भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के अंतर्गत ‘सोलर लोन मेला-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लाभों और सरकारी सब्सिडी की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि बिजली बिल में कमी लाकर आम लोगों को आर्थिक रूप से भी लाभ पहुंचाती है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत बैंक कोलेट्रल फ्री लोन उपलब्ध कराते हैं और सब्सिडी की राशि सीधे बैंक को मिलती है। लगभग 5 वर्षों में उपभोक्ता अपनी लागत बिजली बिल की बचत के माध्यम से वसूल कर सकते हैं, जबकि लोन की ईएमआई भी लगभग बिजली बिल के बराबर ही होगी।
मेले में विभिन्न प्रमुख बैंकों जैसे एसबीआई, पीएनबी, सीबीआई, आईडीबीआई, इंडियन बैंक, यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया तथा बैंक ऑफ महाराष्ट्र द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने के लिए आसान प्रक्रिया और आकर्षक ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।
योजना के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को 1 किलोवाट से 3 किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र के लिए 30,000 रुपये से लेकर 78,000 रुपये तक की सरकारी सब्सिडी प्रदान की जा रही है। साथ ही, उपभोक्ता अपने घर की छत पर सोलर प्लांट लगाकर प्रति माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जिले के सभी नागरिकों, विशेषकर घरेलू उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा, “ऊर्जस्वित बिहार के संकल्प के साथ हम सारण को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाना चाहते हैं। यह योजना न केवल आपके बिजली बिल को शून्य करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी आपका महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित करेगी।”



