छपरा, 28 फरवरी। छपरा शहर और सारण जिला के मुख्य मार्गों पर सुगम एवं सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने शुक्रवार को समन्वय बैठक कर बड़ा निर्णय लिया। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग की समस्या पर प्रशासन ने अब “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाने के संकेत दिए हैं।
बाजारों में अतिक्रमण होगा चिन्हित, बनेगी सूची
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (SDO) को निर्देश दिया गया कि मुख्य सड़कों पर स्थित बाजारों में अतिक्रमण को चिन्हित कर सूचीबद्ध किया जाए। सुगम यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले चिन्हित अतिक्रमणों को हटाने के लिए समेकित रोस्टर तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अवैध पार्किंग और निर्माण सामग्री पर चलेगा अभियान
सड़क किनारे अवैध रूप से ट्रक पार्किंग करने वालों के विरुद्ध यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी और फाइन लगाएगी।
साथ ही सड़क के किनारे ROW (Right of Way) में ईंट, बालू, गिट्टी जैसी भवन निर्माण सामग्रियों का भंडारण करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
वीर कुंवर सिंह सेतु बॉर्डर पर CCTV निगरानी
वीर कुंवर सिंह सेतु (आरा पुल) के दक्षिणी पहुँच पथ पर, सारण जिला बॉर्डर के पास खनन विभाग द्वारा संचालित चेकपोस्ट को और अधिक सक्रिय किया गया है। यहां CCTV कैमरों के माध्यम से ट्रैफिक की 24×7 मॉनिटरिंग होगी।
इन चौकों पर बनेंगे नए ट्रैफिक चेकपोस्ट
झंगा चौक, विसुनपुरा, मेहिया, मेथवलिया और उमधा चौक पर नए ट्रैफिक चेकपोस्ट स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इन सभी स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे और इनकी मॉनिटरिंग समेकित नियंत्रण कक्ष से की जाएगी।
यदि डोरीगंज-झंगा चौक पर वाहनों का दबाव अधिक होता है, तो विभिन्न दिशाओं से आने वाले वाहनों को दूर से ही नियंत्रित तरीके से छोड़ा जाएगा। इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
समन्वित ट्रैफिक रेगुलेशन और अतिरिक्त बल
वीर कुंवर सिंह सेतु बॉर्डर चेकपोस्ट और झंगा चौक ट्रैफिक पोस्ट सहित सभी ट्रैफिक पोस्ट के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर यातायात को नियंत्रित करेंगे। ट्रैफिक रेगुलेशन के लिए अतिरिक्त होमगार्ड जवानों की भी तैनाती की जाएगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में नगर आयुक्त, अपर समाहर्त्ता (विधि-व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, सहायक आयुक्त मद्य निषेध, जिला खनन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी जुड़े।
प्रशासन का संदेश साफ
छपरा में अब ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सख्ती तय है। अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर शहर को जाम मुक्त बनाने की दिशा में निर्णायक कदम उठाया जा रहा है। अब देखना है कि इस सख्ती का असर जमीनी स्तर पर कितनी तेजी से दिखता है।



