HomeBiharChapraPM Surya Ghar Yojana: छपरा में सोलर मेला, 2700 आवेदकों ने किया...

PM Surya Ghar Yojana: छपरा में सोलर मेला, 2700 आवेदकों ने किया आवेदन, 78 हजार तक सब्सिडी

नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के तत्वावधान में विद्युत आपूर्ति अंचल, छपरा द्वारा “पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” के तहत शुक्रवार को भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में एक दिवसीय सोलर मेला का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

छपरा, 13 फरवरी: नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के तत्वावधान में विद्युत आपूर्ति अंचल, छपरा द्वारा “पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” के तहत शुक्रवार को भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में एक दिवसीय सोलर मेला का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर योजना का लाभ लेने के इच्छुक आवेदक, सोलर रूफटॉप स्थापित करने वाली विभिन्न एजेंसियां तथा वित्त पोषण करने वाले बैंकर्स एक ही छत के नीचे जुटे। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को सोलर ऊर्जा के प्रति जागरूक करना तथा योजना का लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाना था।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि “पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना” पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से लोग अपने घरों में सोलर रूफटॉप लगाकर न केवल हरित ऊर्जा को बढ़ावा दे सकते हैं, बल्कि अपने बिजली बिल को शून्य कर उल्लेखनीय बचत भी कर सकते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे स्वयं इस योजना का लाभ लें और अन्य लोगों को भी प्रेरित करें।

कार्यक्रम के दौरान ऐसे उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने घरों पर सोलर रूफटॉप लगाकर बिजली बिल शून्य कर लिया है। जिलाधिकारी ने उन्हें बधाई देते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप स्थापना पर सरकार द्वारा सब्सिडी दी जा रही है। 1 किलोवाट क्षमता पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट क्षमता पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी उपलब्ध है। सारण जिले में अब तक लगभग 2700 आवेदकों द्वारा ऑनलाइन आवेदन किया जा चुका है।

जिलाधिकारी ने बैंक प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे इस योजना के अंतर्गत इच्छुक लाभार्थियों को उदारतापूर्वक ऋण उपलब्ध कराएं, ताकि अधिक से अधिक लोग सौर ऊर्जा से जुड़ सकें। इस अवसर पर विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों को प्रतीक चिह्न भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न वेंडर्स एवं बैंकों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर तकनीकी जानकारियां प्राप्त कीं। उन्होंने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर ग्रामीण क्षेत्रों में भी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता, आरईसी के ऑफिसर इन चार्ज, विद्युत आपूर्ति पूर्वी एवं पश्चिमी के कार्यपालक अभियंता, जिला अग्रणी प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधिगण, सोलर पैनल व्यवसायी, आवेदक एवं लाभार्थी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments