छपरा। उच्च जातियों के विकास के लिए राज्य आयोग, बिहार द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित करने तथा आयोग के कार्यक्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समाज का मंतव्य जानने के उद्देश्य से प्रमंडलवार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में माननीय आयोग द्वारा 06 जनवरी 2026 को सारण प्रमंडल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
यह बैठक समाहरणालय, छपरा के सभागार में आयोजित होगी, जिसमें उच्च जातियों के शैक्षणिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की समस्याओं को गहराई से समझने, उनके समाधान हेतु सुझाव प्राप्त करने तथा नीतिगत सुधारों पर विमर्श किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 12:00 बजे से 1:30 बजे तक प्रमंडल एवं जिला अंतर्गत संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात दोपहर 1:30 बजे से 3:00 बजे तक बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विमर्श होगा, जिसमें समाज की वास्तविक चुनौतियों और अपेक्षाओं पर खुलकर चर्चा की जाएगी।
बैठक के उपरांत शाम 04:00 बजे प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी, जिसमें आयोग द्वारा बैठक से प्राप्त निष्कर्षों, सुझावों एवं आगे की कार्ययोजना की जानकारी मीडिया के माध्यम से साझा की जाएगी।
राज्य आयोग की यह पहल उच्च जातियों के वंचित एवं पिछड़े वर्गों की समस्याओं को शासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने तथा उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में ठोस कदम उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।



