छपरा, 21 जून 2026। वरीय पुलिस अधीक्षक सारण विनीत कुमार के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान “नशा मुक्त सारण” के तहत सारण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अवैध शराब के सेवन, निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है।
पुलिस द्वारा सफल आसूचना संकलन और त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें कुल 1502.84 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 121 लीटर देशी शराब, 51.84 लीटर विदेशी शराब तथा 1302 लीटर स्प्रिट शामिल है।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 05 शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, तस्करी में प्रयुक्त एक टोटो एवं एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।
पकड़े गए अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित थानों में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से शराब तस्करों एवं कारोबारियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



