छपरा, 03 नवम्बर 2025। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी गई है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी, सारण अमन समीर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण डॉ० कुमार आशीष के नेतृत्व में मंडल कारा, छपरा का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी द्वय ने कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था, जेल कर्मियों की सतर्कता, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, तथा अन्य आंतरिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। प्राप्त कमियों पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1), पुलिस उपाधीक्षक (साइबर), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), दो प्र० पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक (सदर-1), भगवानबाजार थानाध्यक्ष, अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी तथा भारी संख्या में पुलिस बल उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाना तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।



