सारण। सारण के खैरा थाना क्षेत्र के धूपनगर धोबवल पंचायत अंतर्गत वर्णपुरा गांव में रविवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव के मइया स्थान मंदिर परिसर में मंदिर की घंटी से 26 वर्षीय युवक का शव लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी विनोद कुमार के पुत्र रवि रंजन कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
समारोह से लौटने के बाद सुबह फिर निकला था घर से
स्थानीय लोगों के अनुसार, रवि रंजन शनिवार की रात डुमरी गांव में आयोजित एक समारोह में शामिल होने गया था। वहां से लौटने के बाद वह घर में सो गया। रविवार की सुबह करीब चार बजे वह दोबारा घर से निकला था। इसके बाद सुबह लगभग साढ़े आठ बजे मंदिर में पूजा करने पहुंची एक महिला की नजर घंटी से लटके उसके शव पर पड़ी। महिला ने तत्काल ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
शव की स्थिति ने बढ़ाया संदेह
घटनास्थल पर शव की असामान्य स्थिति ने मामले को और उलझा दिया है। बताया जाता है कि युवक का आधा शरीर मंदिर के फर्श पर पैर के सहारे पसरा हुआ था। इस स्थिति को लेकर ग्रामीणों के बीच हत्या और आत्महत्या, दोनों की आशंकाएं जताई जा रही हैं। गांव में प्रेम प्रसंग, निजी विवाद और पुरानी रंजिश जैसी चर्चाएं भी हैं, हालांकि इन बातों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
डीएसपी पहुंचे मौके पर, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सुमित शेखर घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि घर से निकलने के बाद युवक की गतिविधियों और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके।
इस संबंध में खैरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना के सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह मामला गांव में चर्चा और रहस्य का विषय बना हुआ है।



