ऑडिशन में शानदार प्रदर्शन करने वाले 36 प्रतिभागियों का चयन, सोनपुर मेला के मुख्य मंच पर दिखेगा सुरों का जलवा
सारण, 22 नवंबर 2026। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में संगीत और गायन प्रतिभाओं का जलवा बिखेरने वाली प्रतियोगिता ‘सोनपुर आइडल सीजन-2’ अब अगले पड़ाव की ओर बढ़ चली है। प्रतियोगिता के तहत आयोजित ऑडिशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 36 प्रतिभागियों का चयन आगामी 29 नवंबर को आयोजित होने वाले क्वार्टर फाइनल राउंड के लिए किया गया है।
प्रतियोगिता के आयोजकों के अनुसार, चयनित प्रतिभागियों में जूनियर वर्ग (5 से 17 वर्ष) के 15 और सीनियर वर्ग (18 से 40 वर्ष) के 21 प्रतिभागी शामिल हैं। क्वार्टर फाइनल में सभी चयनित प्रतिभागी सोनपुर मेला परिसर के मुख्य मंच पर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
सोनपुर आइडल सीजन-2 का उद्देश्य स्थानीय और उभरती गायन प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा संगीत एवं कला के क्षेत्र में उनकी रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना है। इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही व्यापक पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है।
सोनपुर मेले की सांस्कृतिक छटा के बीच आयोजित यह प्रतियोगिता संगीत प्रेमियों और दर्शकों के लिए खास आकर्षण बनने जा रही है। अब सबकी निगाहें 29 नवंबर को होने वाले क्वार्टर फाइनल पर टिकी हैं, जहां चयनित प्रतिभागियों के सुरों का मुकाबला देखने को मिलेगा, 36 प्रतिभागियों के बीच सुरों की जंग, कौन बनेगा सोनपुर आइडल का अगला सितारा?



