छपरा 11 जून 2026। सारण पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “नशा मुक्त सारण” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब बरामद की है। वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 2214.88 लीटर अवैध शराब जब्त की तथा 07 शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा प्राप्त सफल आसूचना के आधार पर विभिन्न स्थानों पर त्वरित छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान 93.2 लीटर देशी शराब एवं 2121.68 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इसके अलावा शराब की तस्करी और परिवहन में प्रयुक्त एक कंटेनर पिकअप, एक डाक पार्सल वाहन तथा एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार सभी आरोपितों के विरुद्ध संबंधित थानों में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से शराब के अवैध कारोबार, भंडारण, निर्माण, बिक्री एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी सूचना को पुलिस के साथ साझा करें, ताकि इस सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।



