छपरा, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव, उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी सोनू कुमार तथा पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) स्वीटी सिंह ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण, भूजल स्तर को बनाए रखने तथा पृथ्वी के तापमान को नियंत्रित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि एक पौधे को वृक्ष के रूप में विकसित करना आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य उपहार है। स्वच्छ, स्वस्थ और हरित पर्यावरण के निर्माण में सामूहिक जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
वन प्रमंडल पदाधिकारी सोनू कुमार ने भी पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा वृक्षों के संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।



